इलेक्शन

Mandi Seat: मंडी में कंगना रनौत का रोड शो, लोगों से बोलीं- मंडी में विकास ही मुद्दा

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 29, 2024, 12:18 PM IST

Kangana Ranaut Road Show: इस दौरान लोगों से मुखातिब होते हुए कंगना ने कहा कि मंडी का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। यहां कोई और मुद्दा नहीं है। रैली में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए।

Image

मंडी में कंगना रनौत का रोड शो।

Kangana Ranaut Road Show: हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा उम्मीदवार एक्ट्रेस कंगना रनौत ने शुक्रवार को रोड शो किया। भाजपा उम्मीदवार के इस रोड शो में भारी संख्या में लोग जुटे। अभिनेत्री को देखने और सुनने के लिए लोग आतुर दिखे। इस दौरान लोगों से मुखातिब होते हुए कंगना ने कहा कि मंडी का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। यहां कोई और मुद्दा नहीं है। रैली में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के आपत्तिजनक ट्वीट के बाद कंगना पहली बार मंडी पहुंची हैं।

प्रतिभा सिंह ने चुनाव लड़ने से इंकार किया

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार सीटें हैं। इन सभी सीटों पर मतदान अंतिम चरण में यानी 1 जून को होगी। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान अभी नहीं किया। खास बात यह है कि मंडी सीट से कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रतिभा सिंह ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है। इसके बाद समझा जा रहा है कि इस सीट पर मुकाबला एकतरफा हो सकता है। पिछले लोकसभा चुनाव में इस सीट से प्रतिभा सिंह ने चुनाव लड़ा था और वह दूसरे स्थान पर रहीं। यह सीट भाजपा ने जीती।

मंडी की बेटी लोगों का प्रतिनिधित्व करेगी-कंगना

रैली के दौरान कंगना ने कहा कि लोग गौरवान्वित हैं कि मंडी की बेटी और राष्ट्रवादी आवाज इस चुनाव में मंडी का प्रतिनिधित्व करेगी। विकास का मुद्दा हमारे लिए मुख्य है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस दिशा में हमारा मार्गदर्शन करेंगे, उस दिशा में हम काम करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। मंडी की जनता दिखा देगी कि उनके दिल में क्या है।

मंडी सीट के पिछले चुनाव

पिछले चार लोकसभा चुनाव यानी 2019, 2014, 2009 और 2004 की अगर बात करें तो 2004 और 2009 में यह सीट कांग्रेस के खाते में गई तो 2014 और 2019 में यहां से भाजपा उम्मीदवार विजयी हुआ। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस में कांटे का मुकाबला भी देखने को मिला है। लेकिन पिछले चुनाव परिणामों को देखते हुए इस बार भी इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर देखने को मिल सकती है।

End of Article