Bihar Mahaghathabandhan Seat Sharing: बिहार में महागठबंधन सीट बंटवारे से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है। आरजेडी (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने मुकेश सहनी की मांग को ठुकरा दिया है। आरजेडी की सिटिंग सीट पर सहनी ने दावा किया था। आरजेडी पार्लियामेंट्री बोर्ड की मीटिंग में यह फैसला लिया गया। इसमें फैसला लिया गया कि पार्टी सिटिंग सीट नहीं छोड़ेगी। मुकेश सहनी को आरजेडी 15 सीटों से ज्यादा देने को तैयार नहीं है।
मुकेश सहनी को दिया अल्टीमेटम
सूत्रों के मुताबिक, आरजेडी ने मुकेश सहनी को यहां तक कह दिया कि अगर गठबंधन में रहना है तो 15 सीट स्वीकार कीजिए नहीं तो आप स्वतंत्र हैं। आरजेडी के विश्वस्त सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि महागठबंधन के भीतर मुकेश सहनी के रवैये से सभी नाराज हैं। सीट बंटवारा फॉर्मूले के तहत कांग्रेस को 61 सीटें मिल रही हैं। कांग्रेस को 55 से बढ़ाकर अब 61 सीटें मिली हैं।
आज हो सकता है सीट शेयरिंग का ऐलान
महागठबंधन में सीटों को लेकर आज फैसला हो सकता है। महागठबंधन के दो प्रमुख घटक आरजेडी-कांग्रेस समझौते के करीब हैं। बताया जा रहा है कि सभी घटक दलों की सहमति के आधार पर महागठबंधन ने सीट बंटवारे का फार्मूला करीब-करीब तय कर लिया है। संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार की देर शाम तक महागठबंधन संयुक्त रूप से सीटों का एलान कर देगा।
तेजस्वी ने की कांग्रेस नेताओं संग चर्चा
सोमवार को दिल्ली में राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के बाद शाम करीब चार बजे तेजस्वी यादव कांग्रेस नेताओं से मिलने पहुंचे थे और सीट बंटवारे पर मंथन हुआ था। तेजस्वी यादव की पहली मुलाकात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से हुई और दोनों के बीच करीब 35 मिनट तक चर्चा हुई। पहले कांग्रेस को 55 सीटें मिलने की बात सामने आई थी, फिर तय हुआ है कि कांग्रेस को 61 सीटें मिली हैं। देर शाम तेजस्वी यादव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मिले। दोनों नेता करीब-करीब सीट बंटवारे के फार्मूल पर सहमत हो गए।
