इलेक्शन

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : 'इंडिया गठबंधन' में सीट शेयरिंग का पेंच फंसा, NDA ने मोतिहारी से घोषित कर दिया प्रत्याशी

मोतिहारी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा विधायक प्रमोद कुमार को एनडीए ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वहीं, विपक्षी महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है।

Image

मोतिहारी भाजपा विधायक प्रमोद कुमार (फोटो-@pramodbiharbjp)

मोतिहारी : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी तेज हो गई है। विपक्षी महागठबंधन में सीट शेयरिंग का मुद्दा अभी भी अनसुलझा है, जबकि एनडीए ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को मोतिहारी में भाजपा विधायक प्रमोद कुमार को एनडीए प्रत्याशी के रूप में नामित करते हुए बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय ने जनता से उन्हें फिर से जिताने की अपील की।

महागठबंधन की सीट शेयरिंग पर कसा तंज

मोतिहारी के एक कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री मंगल पांडेय ने महागठबंधन की सीट शेयरिंग पर तंज कसते हुए कहा, "यह तो उन लोगों को तय करना है कि उनके गठबंधन का 'दूल्हा' कौन बनेगा, लेकिन अभी तक तो फैसला ही नहीं हुआ है।" उन्होंने विपक्ष की एकजुटता पर सवाल उठाते हुए कहा कि महागठबंधन की आपसी खींचतान चुनावी रणनीति को कमजोर कर रही है। उन्होंने मंच से प्रमोद कुमार का नाम घोषित किया और कहा कि एनडीए के नेतृत्व में बिहार का विकास सुनिश्चित होगा।

न्यूज एजेंसी आईएनएस के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिहार कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां की एआई वीडियो पोस्ट करने पर मंगल पांडेय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "पूरे देश को कांग्रेस के करतूत पता चल चुके हैं। चाहे कोई वीडियो जारी कर लें, जनता सच्चाई समझ चुकी है। यह न केवल पीएम मोदी की मां का अपमान है, बल्कि सभी भारतीय माताओं का भी। कांग्रेस ने गांधीवादी मूल्यों को छोड़कर गालीवादी राजनीति अपना ली है।" उन्होंने इसे महिलाओं और गरीबों का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर सारी हदें पार करने का आरोप लगाया।

दरअसल, कांग्रेस द्वारा जारी पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन पर आधारित एआई वीडियो पर भाजपा हमलावर है। बिहार कांग्रेस ने 'साहब के सपनों में आईं मां' शीर्षक से यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें पीएम को उनकी राजनीति पर सवाल उठाते दिखाया गया है।

वहीं, कार्यक्रम में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद राधामोहन सिंह ने तेजस्वी यादव और मुकेश साहनी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मेरे पिछले चुनाव में बिहार के दो नेता मोतिहारी में आए थे। लेकिन इस जिले में न उनका खाता खुलेगा, न कोई अपराधी विधायक बनेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article