इलेक्शन

Nathnagar Assembly Seat 2025: नाथनगर में 2020 में पहली बार मिली RJD को जीत; इस बार बचेगी सीट या लोजपा मारेगी बाजी?

Nathnagar Assembly Constituency (नाथनगर विधानसभा सीट): नाथनगर विधानसभा क्षेत्र, भागलपुर जिले में स्थित, बिहार की प्रमुख राजनीतिक सीटों में से एक है। अब तक यहां 15 चुनाव हो चुके हैं, जिसमें से 2020 में राजद ने पहली बार जीत दर्ज की, जिससे सत्ता समीकरण बदल गया। यह सीट फिर से चुनावी चर्चा का केंद्र बन गई है, जानते हैं क्या है नाथनगर सीट का समीकरण।

Image

नाथनगर में क्या है चुनावी समीकरण

Photo : Times Now Digital

Nathnagar Assembly Constituency (नाथनगर विधानसभा सीट): बिहार के भागलपुर जिले में स्थित नाथनगर विधानसभा क्षेत्र राज्य की सबसे चर्चित सीटों में से एक है। इसमें नाथनगर, सबौर, हबीबपुर नगर पंचायत और जगदीशपुर प्रखंड के कुछ गांव शामिल हैं। यह क्षेत्र भागलपुर लोकसभा सीट का हिस्सा है और अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि के लिए प्रसिद्ध है।

इतिहास और धार्मिक महत्व

नाथनगर गंगा नदी के किनारे बसा एक उपजाऊ क्षेत्र है। यहां का चंपानगर ऐतिहासिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। पौराणिक मान्यता है कि यह प्राचीन अंग महाजनपद की राजधानी रही है। यहां स्थित मनीनाथ मंदिर महाभारत काल से जुड़ा है, जबकि श्री चंपापुर दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र जैन धर्मावलंबियों के लिए विश्व प्रसिद्ध तीर्थ है। यह वही स्थान है जहां भगवान वासुपूज्य के पंच कल्याणक संपन्न हुए थे।

नाथनगर की राजनीतिक यात्रा

नाथनगर विधानसभा सीट की स्थापना 1967 में हुई थी। पिछले 48 वर्षों में यहां 15 बार चुनाव हो चुके हैं, जिनमें 2019 का एक उपचुनाव भी शामिल है। यह सीट लंबे समय तक समाजवादी विचारधारा वाली पार्टियों का गढ़ रही। कांग्रेस ने शुरुआती दौर में तीन बार (अंतिम बार 1980) जीत हासिल की। जदयू ने अब तक छह बार जीत दर्ज की है, जबकि राजद ने 2020 में पहली बार यह सीट जीती। इसके अलावा भारतीय जनसंघ, समता पार्टी और लोक दल ने भी एक-एक बार सफलता पाई है।

2020 में बदला सत्ता समीकरण

2020 का चुनाव नाथनगर के लिए ऐतिहासिक रहा। इस बार मुकाबला राजद के अली अशरफ सिद्दीकी और जदयू के लक्ष्मीकांत मंडल के बीच हुआ। मतदाताओं ने जातीय समीकरण से ऊपर उठकर वोट किया, जिसके परिणामस्वरूप सत्ता समीकरण बदल गया। अली अशरफ सिद्दीकी (राजद) को 78,832 वोट मिले। लक्ष्मीकांत मंडल (जदयू) को 71,076 वोट मिले। 7,756 वोट के अंतर से राजद की इस जीत से NDA को बड़ा झटका लगा। लोजपा के अमर कुशवाहा को 14,715 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे।

सामाजिक और जनसांख्यिकीय स्थिति

नाथनगर की कुल जनसंख्या 4,66,203 (जनगणना 2011) है। इनमें 86% ग्रामीण और 14% शहरी आबादी शामिल है। अनुसूचित जाति (SC) 10.9% है और अनुसूचित जनजाति (ST) 0.04% हैं। 2019 की वोटर लिस्ट के अनुसार यहां 3,16,152 मतदाता हैं, जबकि 2015 में यह संख्या 3,00,682 थी।

नाथनगर में कब होंगे चुनाव (Nathnagar Election Date)

नोटिफिकेशन की तारीख13 अक्टूबर 2025
नामांकन की आखिरी तारीख20 अक्टूबर 2025
नामांकन जांच की आखिरी तारीख21 अक्टूबर 2025
नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख23 अक्टूबर 2025
मतदान11 नवंबर 2025
चुनाव नतीजे14 नवंबर 2025

जातीय समीकरण और वर्तमान स्थिति

नाथनगर में यादव और मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा ब्राह्मण, कोइरी, रविदास और पासवान समुदाय भी बड़ी संख्या में हैं। इस बार चुनाव में राजद और NDA घटक लोजपा (रामविलास) के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। लोजपा से मिथुन कुमार को टिकट मिला है, राजद शेख जियाउल हसन को मैदान में उतारा है, वहीं जन सुराज से अजय कुमार राय नाथनगर से खड़े हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article