इलेक्शन

Barachatti Assembly Elections 2025: बाराचट्टी सीट पर हर बार बदलता चुनावी समीकरण, इस बार कौन लहराएगा जीत का परचम?

Barachatti Assembly Constituency (बाराचट्टी विधानसभा सीट): बाराचट्टी विधानसभा सीट एक आरक्षित सीट है, जहां से वर्तमान विधायक हम पार्टी की ज्योति मांझी हैं। बाराचट्टी विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 11 नवबंर को वोटिंग होगी। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होने वाली है। बाराचट्टी सीट का चुनावी समीकरण और इतिहास क्या है, आइए जानते हैं:

Image

बाराचट्टी विधानसभा सीट

Barachatti Assembly Constituency (बाराचट्टी विधानसभा सीट): बाराचट्टी विधानसभा सीट गयाजी जिले में आने वाली एक एससी आरक्षित सीट है। इस सीट पर शुरुआती चुनावों में कांग्रेस और समाजवाटी दलों का मजबूत प्रभाव रहा। हालांकि बीच में कुछ समय तक वाम दलों का भी वर्चस्व देखने को मिला। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी दो बार विधायक रह चुके हैं। उनकी समधन ज्योति मांझी उर्फ ज्योति देवी को भी यहां से दो बार जीत मिल चुकी है। बाराचट्टी से वर्तमान विधायक ज्योति देवी ही हैं। इस बार फिर से हम पार्टी ने चुनावी मैदान में ज्योति देवी को उतारा है। वहीं आरजेडी ने तनुश्री मांझी को अपना उम्मीदवार चुना है।

बाराचट्टी का इतिहास

बाराचट्टी विधानसभा सीट एक समय में नक्सल प्रभावित क्षेत्र हुआ करती थी। जहां पर वोट करना ही एक बड़ी चुनौती थी। जिसकी वजह नक्सलियों द्वारा वोटिंग का बहिष्कार करना और लोगों को धमकी देना थी। लेकिन अब परिस्थिति बदल चुकी है और अब हालात शांतिपूर्ण रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां 60.80 फीसदी वोटिंग हुई थी।

बाराचट्टी विधानसभा सीट कब बनी

बाराचट्टी विधानसभा सीट 1957 में बनी थी। इस सीट पर अब तक 18 चुनाव हो चुके हैं। जिनमें 1996 और 2003 के उपचुनाव भी शामिल हैं। यहां से कांग्रेस और आरजेडी को बराबर जीत हासिल हुई है। दोनों पार्टियों के खाते में यह सीट 4-4 बार गई है। वहीं जनता दल और जेडीयू के खाते में यह सीट दो-दो बार गई है। इंडियन पीपुल्स फ्रंट और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) को एक-एक बार यहां से जीत हासिल हुई। इस सीट से चुनावी समीकरण हर बार बदला हुआ नजर आया है। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में बाराचट्टी सीट से आरजेडी की समता देवी को जीत हासिल हुई थी। वहीं 2020 के चुनाव में हम पार्टी की ज्योति देवी ने आरजेडी की समता देवी को शिकस्त दी थी। ज्योति देवी 2010 के चुनाव में जेडीयू की टिकट पर यहां से विधायक रह चुकी हैं।

बाराचट्टी विधानसभा सीट से उम्मीदवारों के नाम

  • ज्योति देवी - HAM
  • तनुश्री मांझी - RJD
  • हेमंत पासवान - JSP

बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र जातीय समीकरण क्या है?

बाराचट्टी विधानसभा सीट एक अनुसूचित जाति आरक्षित सीट है। यह ग्रामीण आबादी वाला विधानसभा क्षेत्र है। जहां कोई शहरी मतदाता नहीं है। इस क्षेत्र में एससी समुदाय के वोटर 35.88 फीसदी हैं। मुस्लिम वोटर भी यहां 11 प्रतिशत हैं।

बाराचट्टी विधानसभा चुनाव परिणाम (2020)

राजनीतिक पार्टीउम्मीदवारकुल वोट
HAMज्योति देवी72,491
RJDसमता देवी66,173
LJPरेणुका देवी11,244

बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या

बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र में 2020 के चुनाव में वोटरों की कुल संख्या 3,04,389 थी। जिसमें से 60.80 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। पिछले लोकसभा चुनाव में वोटरों की संख्या में इजाफा देखने को मिला। 2024 में चुनाव में वोट बढ़कर 3,15,036 हो गए।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article