इलेक्शन

Amarpur Assembly Seat: बांका जिले की इस सीट पर तीन तरफ से फंसा पेंच, JDU को टक्कर दे पाएगी कांग्रेस? जानिए अमरपुर सीट का समीकरण

Amarpur Assembly Constituency (अमरपुर विधानसभा सीट): अमरपुर विधानसभा क्षेत्र, बांका जिले में स्थित, अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ बिहार की राजनीति में अहम भूमिका निभाता है। 1957 से अब तक यहां 16 चुनाव हो चुके हैं, जिनमें कांग्रेस, राजद और जदयू ने प्रमुख जीत दर्ज की है। 2024 के लोकसभा चुनाव में NDA की बढ़त ने जदयू की स्थिति को और मजबूत किया है, जिससे यह सीट फिर चर्चा में है।

Image

क्या है अमरपुर सीट का समीकरण

Photo : Times Now Digital

Amarpur Assembly Constituency (अमरपुर विधानसभा सीट): बिहार के बांका जिले में स्थित अमरपुर विधानसभा क्षेत्र बांका लोकसभा सीट का अहम हिस्सा है। यह क्षेत्र शंभूगंज और अमरपुर प्रखंडों को मिलाकर बना है और अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए जाना जाता है। अमरपुर को सामुदायिक विकास खंड का दर्जा प्राप्त है और यह लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति का केंद्र रहा है।

अमरपुर का इतिहास

अमरपुर का बनहारा गांव मुगलकालीन शासन से जुड़ा हुआ है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मुगल गवर्नर शाह सुजा ने यहां अपना मुख्यालय बनाया था। वहीं, डुमरामा गांव में मिले बौद्ध स्तूपों के अवशेष इस क्षेत्र के प्राचीन बौद्ध मठों की गवाही देते हैं। इस क्षेत्र के खतौरी प्रधानों में राजा देवई का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिन्होंने यहां किले का निर्माण कराया था। अमरपुर का यह ऐतिहासिक महत्व आज भी स्थानीय पहचान का अभिन्न हिस्सा है।

अमरपुर का राजनीतिक इतिहास

अमरपुर विधानसभा क्षेत्र की स्थापना 1957 में हुई थी और तब से अब तक 16 विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। कांग्रेस ने इस सीट पर चार बार जीत दर्ज की, लेकिन आखिरी बार 1985 में सफलता पाई। इसके बाद क्षेत्रीय राजनीति का रुख राजद और जदयू की ओर मुड़ गया। दोनों दलों ने तीन-तीन बार जीत हासिल की है। जनता दल, संयुक्त समाजवादी पार्टी, भारतीय जनसंघ और निर्दलीय उम्मीदवारों को भी समय-समय पर जनता का समर्थन मिला।

क्या है अमरपुर सीट का हाल

2020 के विधानसभा चुनाव में जदयू के जयंत राज कुशवाहा ने कांग्रेस के जितेंद्र सिंह को 3,114 वोटों से हराया था। इस बार भी मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है, जहां कांग्रेस ने फिर से जितेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है, जबकि जदयू ने अपने मौजूदा विधायक जयंत राज पर भरोसा जताया है। जन सुराज पार्टी से सुजाता वैद्य भी चुनावी समर में उतरी हैं, जिससे त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना बन रही है।

अमरपुर में कब होंगे चुनाव (Amarpur Election Date)

नोटिफिकेशन की तारीख13 अक्टूबर 2025
नामांकन की आखिरी तारीख20 अक्टूबर 2025
नामांकन जांच की आखिरी तारीख21 अक्टूबर 2025
नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख23 अक्टूबर 2025
मतदान11 नवंबर 2025
चुनाव नतीजे14 नवंबर 2025

NDA दिख रही मजबूत

2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए की एकजुटता का असर अमरपुर क्षेत्र में भी साफ दिखाई दिया, जब जदयू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर 29,113 वोटों की बढ़त बनाई। लोजपा के दोबारा NDA में शामिल होने से इस गठबंधन की स्थिति और मजबूत हुई है। 2010 और 2015 के विधानसभा चुनावों में जदयू के जनार्दन मांझी ने इस सीट पर जीत हासिल की थी, जबकि 2005 में राजद के सुरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी रहे थे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article