BJP UP Candidate List: लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की बची 25 सीटों पर प्रत्याशी उतारने के लिए BJP ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें यूपी की बाकी सीटों पर उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सबसे ज्यादा मंथन मेरठ और बृजभूषण सिंह की सीट कैसरगंज को लेकर हुआ। सामने आया है कि बृजभूषण की सीट से इस बार प्रत्याशी बदल सकता है, वहीं मेरठ से अभिनेता अरुण गोविल या फिर कुमार विश्वास को उतारा जा सकता है।
वहीं, यूपी की बाराबंकी सीट पर भी बीजेपी आलाकमान नया चेहरा उतारने की तैयारी में जुट गया है। पहले पार्टी ने यहां उपेंद्र रावत को प्रत्याशी बनाया था। हालांकि, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। सूत्रों के मुताबिक, NDA की सहयोगी दल अपना दल (एस) को उसकी पुरानी सीट मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज सीट ही दी जाएंगी।
बृजभूषण की जगह कौन होगा प्रत्याशी
लोकसभा चुनाव में सभी की नजर बाहुबली नेता बृजभूषण सिंह पर है। महिला पहलवानों के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे बृजभूषण सिंह का पत्ता इस बार कट सकता है। बीजेपी इस बार उनकी जगह कैसरगंज लोकसभा सीट से उनकी पत्नी केतकी देवी सिंह या फिर बेटे करण भूषण सिंह को मैदान में उतार सकती है। इसी तरह गाजियाबाद सीट पर मौजूद सांसद जनरल वीके सिंह के साथ ही अनिल अग्रवाल या अनिल जैन के नाम पर चर्चा है।
मेरठ में फंसा पेच
लोकसभा चुनाव में इस बार मेरठ सीट को लेकर भी काफी माथापच्ची हो सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस सीट से कवि कुमार विश्वास का नाम सबसे आगे है। पहले उनके बीजेपी के टिकट पर राज्यसभा जाने की चर्चा थी। हालांकि, अब अटकलें हैं कि कुमार विश्वास मेरठ सीट से BJP के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, इस सीट से रामायण के राम व टीवी अभिनेता अरुण गोविल और कैंट विधायक अमित अग्रवाल का नाम भी चल रहा है।
प्रयागराज, रायबरेली और गाजीपुर से ये नाम आगे
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी प्रयागराज सीट पर पूर्व नौकरशाह संजय मिश्रा और योगी सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी की पत्नी अभिलाषा नंदी में से किसी एक को उतार सकती है। वहीं, गाजीपुर से मनोज सिन्हा के बेटे अनुभव सिन्हा को टिकट दिया जा सकता है। रायबरेली से सपा छोड़कर बीजेपी में आए विधायक मनोज पांडेय का नाम सबसे आगे है, तो वहीं देवरिया सीट से मौजूदा सांसद रमापति राम त्रिपाठी को दोबारा मौका दिया जा सकता है। बलिया से नीरज शेखर या आनंद स्वरूप शुक्ला को टिकट मिल सकता है। कानपुर सीट मौजूदा सांसद सत्यदेव पचौरी की बेटी नीतू सिंह और सतीश महाना के नाम पर चर्चा है। मैनपुरी सीट पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, तो वहीं सहारनपुर सीट से पूर्व मंत्री सुरेश राणा और राघव लखनपाल के नाम आगे हैं।
