UP SP Candidates List: समाजवादी पार्टी ने जारी की उम्मीदवारों की एक और लिस्ट, रायबरेली से आरपी यादव को टिकट 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 2, 2022, 06:00 PM IST

UP SP Candidates List : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने 12 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। अदिति सिंह के खिलाफ रायबरेली से आरपी यादव को टिकट दिया गया है।

UP SP Candidates List: समाजवादी पार्टी ने जारी की उम्मीदवारों की एक और लिस्ट, रायबरेली से आरपी यादव को टिकट 

UP Samajwadi Party Candidates List : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान तेज है इसी बीच पार्टियां उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर रही हैं। समाजवादी पार्टी ने 12 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। सपा ने रायबरेली से आरपी यादव को टिकट दिया है। यहां से बीजेपी ने अदिति सिंह को मैदान में उतारा है। चित्रकूट से अनिल प्रधान पटेल को, इलाहाबाद पश्चिम से अमरनाथ मौर्य को, इलाहाबाद दक्षिण से रईस चंद्र शुक्ला को टिकट दिया गया है।

गौरव रावत जैदपुर से, मोहम्मद रमजान को मटेरा से, इंद्राणी वर्मा को भिंगा से और मोहम्मद असलम रैनी को श्रावस्ती से मैदान में उतारा गया है। 12 उम्मीदवारों में से दो महिलाएं, एक ब्राह्मण, दो यादव और तीन मुस्लिम हैं।

इससे पहले सपा ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए एक और सूची जारी की थी। इसमें हाल में ही बीजेपी को छोड़कर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्या को कुशीनगर के फाजिलनगर से उम्मीदवार बनाया गया है। मौर्य पहले पडरौना से विधायक थे। पिछले दिनों पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह के काग्रेस छोड़कर बीजेपी में जाने के बाद से ही स्वामी प्रसाद मौर्या के सीट बदलकर फाजिलनगर से लड़ने की चर्चा जोर पकड़ रही थी। कहा जा रहा था कि आरपीएन सिंह के बीजेपी में आने के बाद जमीनी स्तर पर बदले समीकरणों को देखते हुए बीजेपी छोड़कर सपा में गए स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर विधानसभा सीट से ताल ठोंक सकते हैं। यह सीट चनऊ और कुशवाहा बहुल बताई जाती है। कहा जाता है कि यह क्षेत्र जातिगत समीकरणों के लिहाज से स्वामी प्रसाद मौर्या के काफी अनुकूल है। स्वामी प्रसाद मौर्या ने पिछला चुनाव पडरौना सदर सीट से लड़ा था।

समाजवादी पार्टी ने कौशांबी की सिराथू सीट से अपना दल (कमेरावादी) की पल्लवी पटेल को मैदान में उतारा है। यह हाट सीट सपा और अपना दल कमेरावादी के गठबंधन के खाते में गई है। यहां से उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बीजेपी के टिकट से चुनावी मैदान में हैं। सिराथू विधान सभा सीट पर पल्लवी पटेल के आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। खास बात यह है कि पल्लवी अपना दल एस की अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन हैं। अनुप्रिया बीजेपी के खेमे में हैं। वहीं पल्लवी पटेल सपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं।

उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में 7 चरणों में मतदान होगा जिसमें 10 फरवरी, 14, 20, 23, 27, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

End of Article