यूपी में आखिरी चरण के मतदान से ठीक पहले सपा से जुड़े BJP सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 5, 2022, 03:36 PM IST

यूपी में विधानसभा चुनाव के लिए आखिरी चरण का मतदान 7 मार्च को होना है और इससे ठीक दो दिन पहले बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी सपा में शामिल हो गए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में एक चुनावी सभा में इसका ऐलान किया।

यूपी में आखिरी चरण के मतदान से ठीक पहले सपा से जुड़े BJP सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी

आजमगढ़ : उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आखिरी चरण के मतदान से ठीक पहले बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को आजमगढ़ में एक चुनावी सभा के दौरान इसका ऐलान किया। यह सियासी घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब यूपी में सातवें व अंतिम चरण का मतदान दो दिन बाद ही 7 मार्च को होना है, जिसके बाद 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी।

रीता बहुगुणा जोशी के बेटे के सपा से जुड़ने की अटकलें बीते काफी समय से लगाई जा रही थीं। बताया जाता है कि बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने पार्टी से अपने बेटे के लिए मौजूदा विधानसभा चुनाव में टिकट मांगा था। उन्‍होंने यह भी कहा था कि अगर पार्टी ने हर परिवार से केवल एक ही व्‍यक्ति को टिकट देने का फैसला किया है तो वह वर्तमान में अपनी लोकसभा सीट से इस्‍तीफा देने के लिए तैयार हैं। अपने बेटे को लेकर बीजेपी सांसद ने कहा था कि उन्‍होंने वह 2009 से काम कर रहे हैं और उन्होंने लखनऊ कैंट से टिकट के लिए आवेदन किया।

रीता बहुगुणा जोशी यूपी के पूर्व सीएम हेमवती नंदन बहुगुणा की बेटी हैं। लंबे समय तक वह कांग्रेस से जुड़ी रहीं और फिर 2016 में बीजेपी में शामिल हो गईं। उन्‍होंने 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ कैंट से लड़ा था और मुलायम सिंह की बहू अपर्णा को हराया था। अपर्णा यादव अब खुद बीजेपी में शामिल हो चुकी हैं।

रीता बहुगुणा जोशी ने 2019 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा था और इसमें जीत हासिल की थी। इससे पहले 2017 से 2019 तक वह यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ की कैबिनेट में मंत्री भी रहीं। वह लगभग 24 साल तक कांग्रेस से जुड़ी रही थीं और फिर 20 अक्टूबर, 2016 को बीजेपी में शामिल हो गईं। इससे पहले 2014 का चुनाव वह हार गई थीं।

End of Article