इलेक्शन

Delhi Voting: दिल्ली में मतदान के दौरान AAP तैनात करेगी स्वयंसेवक, गड़बड़ी रोकने की रहेगी जिम्मेदारी; आतिशी के खिलाफ केस

Delhi Voting: आतिशी ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अपने खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किए जाने के लिए निर्वाचन आयोग की आलोचना की। पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि कालकाजी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रतिद्वंद्वी रमेश बिधूड़ी और उनके परिवार के सदस्य खुलेआम ‘‘गुंडागर्दी’’ कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई जबकि उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Image

आप नेता अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की सीएम आतिशी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Delhi Voting: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कल यानि कि बुधवार को मतदान होना है। मतदान से पहले आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच जुबानी, आरोप प्रत्यारोप चरम पर दिख रहा है। अब आम आदमी पार्टी की तरफ से कहा गया है कि वो मतदान के दौरान आप के स्वयंसेवकों की तैनाती करेगी। जो मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी रोकेगी। वहीं आचार संहिता के उल्लंघन के एक मामले में सीएम आतिशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

क्यों होगी आप स्वयंसेवकों की तैनाती

आम आदमी पार्टी (आप) ने मतदेय केन्द्रों पर अनियमितताओं को उजागर करने तथा किसी भी छेड़छाड़ के प्रति सतर्क रहने को लेकर स्वयंसेवकों को तैनात करेगी। एक बयान में आप ने कहा- "पार्टी मतदान प्रक्रियाओं की पुष्टि करने, अनियमितताओं को उजागर करने तथा किसी भी संभावित छेड़छाड़ के प्रति सतर्कता बरतने को लेकर अपने प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को तैनात करेगी।"

किन-किन चीजों पर रहेगी नजर

पार्टी ने कहा कि स्वयंसेवकों को मतदेय केंद्र पर विवरणों को सत्यापित करने, नियुक्त पीठासीन अधिकारियों की पुष्टि करने तथा सटीकता सुनिश्चित करने के लिए डाले गए कुल मतों पर नजर रखने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। इसमें कहा गया है कि स्वयंसेवक मतदान के अंत में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की बैटरी प्रतिशत की निगरानी भी करेंगे ताकि किसी भी विसंगति का पता लगाया जा सके और जवाबदेही बनाए रखने के लिए पार्टी मतदान एजेंटों की उपस्थिति दर्ज की जा सके। आप एक वेब पोर्टल शुरू करेगी, जहां मतदान समाप्त होने के बाद बुधवार रात को यह सारा डेटा अपलोड किया जाएगा।

आतिशी के खिलाफ केस

दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन एवं लोकसेवकों को कर्तव्यों का पालन करने से रोकने के आरोप में मंगलवार को मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि आतिशी आम आदमी पार्टी (आप) के समर्थकों के साथ थीं जिन्होंने फतेह सिंह मार्ग पर एक अधिकारी को कथित रूप से उसका कर्तव्य पालन करने से रोका। उन्होंने बताया कि आप के दो सदस्यों ने कथित रूप से पुलिस कांस्टेबल पर हमला किया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article