एजुकेशन

भारत के समान किन देशों का Time Zone चलता है? यहां देखें पूरी सूची

भारत का मानक समय इंडियन स्टैंडर्ड टाइम है, जो ग्रीनविच मीन टाइम से 5 घंटे 30 मिनट आगे है। ऐसे में आइए जानते हैं कि भारत के समान या कुछ मिनटों के अंतर Time Zone वाले देश कौन से हैं।

Image

भारत के समान किन देशों का Time Zone चलता है (Photo - AI)

दुनिया भर के देशों में समय का निर्धारण टाइम जोन (Time Zone) के आधार पर होता है। भारत का मानक समय 'इंडियन स्टैंडर्ड टाइम' (IST) कहलाता है, जो ग्रीनविच मीन टाइम (GMT) से 5 घंटे 30 मिनट आगे यानी UTC+5:30 है। अक्सर जब हम विदेश यात्रा की योजना बनाते हैं या अंतरराष्ट्रीय काम करते हैं, तो समय का अंतर एक बड़ा पहलू होता है। क्योंकि दुनिया में कई ऐसे देश हैं, जिनका टाइम भारत से बिल्कुल अलग है। इसलिए हमारी प्लानिंग अपने टाइम जोन के साथ उस स्थान के टाइम जोन पर भी निर्भर करती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में कुछ देश ऐसे भी हैं जहां का समय या तो बिल्कुल भारत जैसा ही है, या फिर उसमें केवल कुछ ही मिनटों का अंतर है? आइए जानते हैं भारत के समान या बेहद करीबी टाइम जोन वाले देशों के बारे में।

श्रीलंका

भारत का पड़ोसी देश श्रीलंका का टाइम जोन बिल्कुल हमारे देश के जैसे है। जिस प्रकार भारत के टाइम जोन को आईएसटी कहा जाता है, वैसे ही श्रीलंका के टाइम जोन को 'श्रीलंका स्टैंडर्ड टाइम' कहा जाता है। यह UTC+5:30 है। यानी ग्रीनविच मीन टाइम में भारत की तरह 5 घंटे 30 मिनट आगे है। दोनों के बीच एक सेकेंड का भी अंतर नहीं है। अगर भारत में दोपहर के 12:00 बज रहे हैं, तो श्रीलंका में भी ठीक 12:00 ही बजेंगे। यही कारण है कि भारत से श्रीलंका जाने वाले यात्रियों को अपनी घड़ी का समय बदलने की जरूरत नहीं पड़ती है।

नेपाल

नेपाल का समय भारत के समय से काफी मिलता-जुलता है, लेकिन दोनों का समय एक समान नहीं है। इन दोनों के टाइम में 15 मिनट का अंतर है। नेपाल भारत से 15 मिनट आगे है। यह UTC+5:45 है। उदाहरण के तौर पर यदि भारत में सुबह के 10 बजे हैं तो उस दौरान नेपाल में सुबह के 10.15 बजे रहे होंगे। इसमें सबसे दिलचस्प बात यह है कि नेपाल दुनिया के उन गिने-चुने देशों में शामिल है जहां का टाइम जोन 45 मिनट के ऑफसेट पर आधारित है।

बांग्लादेश

भारत का एक और प्रमुख पूर्वी पड़ोसी देश बांग्लादेश भी भारतीय समय के काफी करीब है, लेकिन समान नहीं है। जी हां यहां का टाइम जोन UTC+6:00 है, जबकि भारत का टाइम UTC+5:30। इसके अनुसार, बांग्लादेश का समय भारत से 30 मिनट आगे है। यहां अगर शाम के 5 बजे हैं तो बांग्लादेश में 5.30 बजे का समय होता है।

भूटान

बांग्लादेश की ही तरह हिमालय की गोद में बसा खूबसूरत देश भूटान भी भारत से 30 मिनट आगे है। भूटान बांग्लादेश की तरह ही टाइम जोन का पालन करता है। इन दोनों देशों का टाइम जोन UTC+6:00 है।

पाकिस्तान और मालदीव

जहां ऊपर दिए गए देश भारत के समय से आगे हैं, वहीं भारत के पश्चिमी पड़ोसी देश पाकिस्तान और हिंद महासागर में स्थित मालदीव का समय भारत से पीछे चलता है। जी हां, यह दोनों देश भारत से 30 मिनट यानी आधे घंटे पीछे है। इन दोनों का टाइम जोन UTC+5:00 है। अगर यहां दोपहर के 2 बजे हैं तो पाकिस्तान और मालदीव में 1.30 बजे होंगे। इसलिए इन दोनों स्थानों पर जाने पर आपको घड़ी को पीछे करना होगा।

टाइम जोन का महत्व

भारत और उसके आसपास के दक्षिण एशियाई देशों के टाइम जोन में केवल 15 से 30 मिनट का ही अंतर देखने को मिलता है। इस नजदीकी टाइम जोन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इन देशों के बीच बिजनेस मीटिंग, फ्लाइट शेड्यूलिंग और आपसी संपर्क में किसी तरह की बड़ी समय-संबंधी परेशानी नहीं होती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article