एजुकेशन

मार्कशीट पर लिखे RL, RW और COMP का क्या है मतलब? जानें एब्रिवेशन का मतलब

बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट जारी होने के बाद अगर आपकी मार्कशीट में भी RL, RW और COMP आदि जैसी एब्रिवेशन लिखी है और आपको इसका अर्थ नहीं पता है तो आइए आपको इन एब्रिवेशन का अर्थ बताएं।

Image

मार्कशीट पर लिखे RL, RW और COMP का क्या है मतलब

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) हो या देश के अन्य स्टेट बोर्ड, सभी एक के बाद एक करके 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा से परिणाम जारी कर रहे हैं। छात्र अपने-अपने बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से प्रोविजनल मार्कशीट डाउनलोड कर रही हैं। बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी होने के बाद कई बार छात्रों की मार्कशीट पर अंकों के बजाय कुछ विशेष कोड या एब्रिवेशन (Short Forms) लिखी हुई है। अक्सर छात्र और अभिभावक इनका मतलब न समझ पाने के कारण परेशान हो जाते हैं। इन कोड्स का सीधा संबंध आपके रिजल्ट के स्टेटस से होता है। अगर आपकी भी मार्कशीट में RL, RW और COMP लिखा है तो आइए आपको मार्कशीट में लिखी हुई सारी एब्रिवेशन के बारे में बताएं।

RL (Result Later) का अर्थ क्या है?

मार्कशीट पर यदि 'RL' लिखा है, तो इसका मतलब है 'रिजल्ट लेटर' यानी आपका परिणाम बाद में घोषित किया जाएगा। ऐसा तब होता है जब बोर्ड के पास छात्र का पूरा डेटा उपलब्ध नहीं होता या किसी तकनीकी खराबी के कारण अंक अपडेट नहीं हो पाते। इसमें छात्र को घबराने की जरूरत नहीं है। बोर्ड कुछ दिनों के भीतर डेटा को सुधार कर परिणाम दोबारा जारी कर देता है। छात्र को अपने स्कूल या बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क में रहना होगा।

RW (Result Withheld) का अर्थ

'RW' का अर्थ होता है 'रिजल्ट विदहेल्ड' यानी आपका परिणाम रोक दिया गया है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे छात्र पर परीक्षा के दौरान नकल (Unfair Means) का आरोप होना, दस्तावेजों में कमी होना, या पात्रता संबंधी कोई विवाद। कभी-कभी स्कूल द्वारा प्रैक्टिकल के अंक न भेजे जाने पर भी रिजल्ट होल्ड पर डाल दिया जाता है। इसके लिए छात्रों को स्कूल और अपने बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क करना होगा।

COMP (Compartment) का अर्थ

'COMP' का सीधा मतलब है 'कंपार्टमेंट'। यह मुख्य तौर पर उन छात्रों की मार्कशीट पर लिखा होता है जो एक या दो विषयों में पासिंग मार्क्स लाने में असफल रहे हों। इसका मतलब यह नहीं है कि छात्र पूरी तरह फेल हो गया है। बोर्ड ऐसे छात्रों को अपनी शैक्षणिक साल बचाने का एक और मौका देता है, जिसमें कंपार्टमेंट परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस परीक्षा के बाद बोर्ड द्वारा रिजल्ट जारी किया जाता है और उसके अनुसार नई मार्कशीट जारी की जाती है।

RT (Repeat Theory) का अर्थ

मार्कशीट में लिखी हुई रिपीट थ्योरी जिस भी विषय के आगे लिखी है, उसका अर्थ है उन्हें उस विषय की परीक्षा फिर देनी होगी, क्योंकि वह उस परीक्षा में पासिंग अंक प्राप्त करने में सफल नहीं हुए है। बता दें कि प्रैक्टिकल और थ्योरी दो परीक्षाएं होती है और छात्रों का दोनों में पास होना अनिवार्य है।

XXXX का अर्थ क्या है?

अगर आपकी मार्कशीट में XXXX लिखा हुआ है तो इसका अर्थ है इंप्रूवमेंट। यह उन छात्रों के लिए है, जिन्होंने 6 विषयों की परीक्षा दी है और एक विषय में फेल हैं, जबकि अन्य 5 विषयों में पासिंग अंक हासिल कर लिए हैं। ऐसे में उन्हें सुधार परीक्षा देने की जरूरत नहीं है और बोर्ड द्वारा उन्हें पास माना जाता है।

अन्य महत्वपूर्ण Abbreviations

P (Pass): इसका अर्थ है कि छात्र सभी विषयों में पास है।

F (Fail): छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो सका है।

ABST (Absent): छात्र उस विशेष विषय की परीक्षा में उपस्थित नहीं था।

ER (Essential Repeat): कुछ बोर्ड्स (जैसे CBSE) में फेल के स्थान पर इसका उपयोग किया जाता है, जिसका अर्थ है कि छात्र को अगले साल दोबारा परीक्षा देनी होगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article