एजुकेशन

MBBS वालों के लिए क्या होती है Medical Bond Policy? डॉक्टर बनने वालों पर लागू होंगे कड़े नियम

What is Medical Bond Policy: नीट परीक्षा देने के बाद मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए छात्रों के एक मेडिकल बॉन्ड पॉलिसी पर साइन कराए जाते हैं। वह क्या है और किस प्रकार आपके मेडिकल करियर को प्रभावित कर सकती है आइए इसके बारे में आज विस्तार से जानते हैं।

Image

Medical Bond Policy (Photo - AI)

What is Medical Bond Policy: भारत में डॉक्टर बनना हर साल लाखों युवाओं का सपना होता है। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET UG) की कठिन परीक्षा पास करने के बाद जब छात्रों को सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट मिलती है, तो खुशियों के साथ-साथ उनके सामने एक महत्वपूर्ण कानूनी और प्रशासनिक शर्त भी आती है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण होती है 'मेडिकल बॉन्ड पॉलिसी'। अब छात्रों के मन में सवाल उठ रहे होंगे की यह क्या है? Medical Bond Policy मेडिकल में एडमिशन के लिए जरूरी है? तो आइए आपकी इस कंफ्यूजन को दूर करें और जानें कि आखिर मेडिकल बॉन्ड पॉलिसी है क्या? इसके नियम कितने कड़े हैं और यह एमबीबीएस छात्रों के करियर को कैसे प्रभावित करती है।

क्या होती है मेडिकल बॉन्ड पॉलिसी?

Medical Bond Policy एक प्रकार का लीगल एग्रीमेंट यानी कानूनी समझौता होता है, जो प्रवेश के समय छात्र और संबंधित राज्य सरकार या मेडिकल कॉलेजों के बीच एग्जीक्यूट किया जाता है। इस बॉन्ड के तहत छात्र को यह वचन देना होता है कि एमबीबीएस की पढ़ाई और इंटर्नशिप पूरी करने के बाद वह राज्य के सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHCs) या ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित अवधि तक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस बॉन्ड को साइन करने वाला कोई भी डॉक्टर यदि इस शर्त का पालन नहीं करता है, तो उसे भारी आर्थिक जुर्माना के भुगतान करना पड़ता है।

मेडिकल बॉन्ड के दो मुख्य प्रकार कौन से हैं?

मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश के समय मुख्य रूप से दो अलग-अलग प्रकार के बॉन्ड पर छात्रों और अभिभावकों से हस्ताक्षर कराए जाते हैं, जो इस प्रकार है -

कंपलसरी सर्विस बॉन्डकंपलसरी सर्विस बॉन्ड एमबीबीएस कोर्स और इंटर्नशिप पूरा होने के बाद लागू होता है। इसके तहत डॉक्टर को 1 साल से लेकर 5 साल तक सरकारी या ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा देना अनिवार्य होता है।
सीट लीविंग या डिस्कंटिन्यूएशन बॉन्डयह बॉन्ड पढ़ाई के दौरान लागू होता है। यदि कोई छात्र एडमिशन लेने के बाद बीच में ही एमबीबीएस की पढ़ाई छोड़ देता है, तो कॉलेज की सीट बर्बाद होने की वजह से उस पर भारी जुर्माना लगाया जाता है।
Medical Bond Policy

Medical Bond Policy

विभिन्न राज्यों में क्या होती है बॉन्ड की अवधि

बता दें कि भारत में मेडिकल बॉन्ड की नीतियां देश भर में एक समान नहीं हैं। हर राज्य सरकारें अपने हिसाब से सेवा अवधि और पेनल्टी की राशि तय करती हैं, जिसके बारे में हर एमबीबीएस की पढ़ाई करने की इच्छा रखने वाले छात्रों को मालूम होना अनिवार्य है। आइए जानते हैं कि किन राज्यों में नियम कड़े हैं और किन राज्यों में सामान्य।

कड़े नियमों वाले राज्य: असम और हरियाणा जैसे राज्यों में इस बॉन्ड के तहत अनिवार्य सेवा अवधि 5 वर्ष तक है। बॉन्ड तोड़ने पर पेनल्टी 23 लाख से 30 लाख रुपये तक हो सकती है। बता दें कि उत्तराखंड के दुर्गम क्षेत्रों के लिए यह जुर्माना और अधिक तय किया गया है।

मध्यम नियमों वाले राज्य: उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में सेवा अवधि 1 से 2 वर्ष होती है और जुर्माना 5 लाख से 10 लाख रुपये के बीच तय किया गया है।

शॉर्ट बॉन्ड व छूट वाले संस्थान: बॉन्ड के तहत दिल्ली के कुछ कॉलेजों और गुजरात में सामान्यतः 1 वर्ष की सेवा अनिवार्य होती है। वहीं केंद्रीय संस्थानों जैसे AIIMS, JIPMER और राज्यों जैसे केरल या बिहार में एमबीबीएस स्तर पर आमतौर पर अनिवार्य सर्विस बॉन्ड नहीं लागू होता है।

उम्मीदवारों को सलाह है कि वह अपने राज्य और शहर के आधार पर मेडिकल बॉन्ड पॉलिसी के नियमों पर जरूर ध्यान दें, क्योंकि एडमिशन से पहले इसके बारे में मालूम होना उनके लिए अनिवार्य है।

बॉन्ड के नियमों का सख्ती से पालन

मेडिकल की पढ़ाई के लिए जाने वाले छात्रों को बता दें कि हाल के वर्षों में बॉन्ड नियमों का पालन कराने के लिए प्रशासनिक सख्ती काफी बढ़ गई है। राज्य और केंद्र संस्थानों में इसका पालन कड़ाई से किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कई राज्यों ने यह नियम लागू किया है कि जब तक डॉक्टर बॉन्ड की शर्त पूरी नहीं कर लेते, उन्हें स्थायी मेडिकल रजिस्ट्रेशन (Permanent Medical Registration) नहीं दिया जाएगा। बिना रजिस्ट्रेशन के वह न तो प्राइवेट प्रैक्टिस कर सकते हैं और न ही विदेश जा सकते हैं।

इसके साथ ही पढ़ाई पूरी होने के बाद कॉलेज तब तक ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स वापस नहीं लौटाते जब तक कि ग्रामीण सेवा पूरी न हो जाए या पेनल्टी न भर दी जाए। इतना ही नहीं कुछ राज्यों में पीजी (MD/MS) की पढ़ाई से पहले बॉन्ड पूरा करना अनिवार्य होता है, जिससे आगे की पढ़ाई में 1 से 2 साल की देरी हो सकती है। हालांकि, कुछ राज्य पीजी करने के बाद बॉन्ड पूरा करने की अनुमति भी देते हैं। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि इसका पालन निर्देशों के अनुसार करें और अगर आप भारी पेनल्टी नहीं देना चाहते हैं तो नियमों का उल्लंघन करने से बचें।

मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए सलाह

एडमिशन के लिए छात्र केवल कॉलेज आदि के बारे में ही न देखें, बल्कि अपने पसंद के संस्थान और जिस राज्य में वह है वहां की बॉन्ड पॉलिसी को भी ध्यान से पढ़ें। सस्ती फीस वाला सरकारी कॉलेज भी बाद में कड़े बॉन्ड और लंबी सेवा शर्तों के कारण आपकी हायर एजुकेशन और करियर प्लान को प्रभावित कर सकता है। इस स्थिति से बचने के लिए नियमों को ध्यान से पढ़ें और उनका पालन करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article