Difference Between Data Analytics and Data Science: डिजिटल क्रांति के आज के दौर में 'डेटा' एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। दुनिया की लगभग हर छोटी-बड़ी कंपनी अपने व्यवसाय को बढ़ाने और सही निर्णय लेने के लिए डेटा पर निर्भर है। इस वजह से आईटी (IT) और कॉर्पोरेट सेक्टर में 'डेटा एनालिटिक्स' (Data Analytics) और 'डेटा साइंस' (Data Science) दोनों ही करियर के सबसे तेजी से उभरते हुए और आकर्षक विकल्प बनकर सामने आए हैं। हाई इनकम की बात हो या सुरक्षित करियर की, यह दोनों ही छात्रों की पसंद बने हुए हैं। हालांकि, कई लोग अक्सर इन दोनों तकनीकों को एक ही मान लेने की भूल कर बैठते हैं, जबकि दोनों के काम करने का तरीका, उद्देश्य और योग्यताएं एक दूसरे से काफी अलग हैं। यदि आप भी इस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने की सोच रहे हैं, तो इन दोनों के बीच के स्पष्ट अंतर और अपने करियर के लिए सही विकल्प के बारे में आपको समझना बहुत आवश्यक है। आइए आपको आज दोनों के बीच अंतर के बारे में विस्तार से बताएं -
डेटा एनालिटिक्स क्या है? (What is Data Analytics)
डेटा एनालिटिक्स मुख्य रूप से मौजूदा डेटा के विश्लेषण पर केंद्रित होता है। इसका काम अतीत और वर्तमान के आंकड़ों की जांच करके यह पता लगाना होता है कि कोई घटना क्यों घटी और उसके आधार पर व्यवसाय को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है। डेटा एनालिस्ट्स असंरचित या कच्चे डेटा को इकट्ठा करते हैं, उसकी सफाई यानी क्लिनिंग करते हैं और फिर चार्ट्स, ग्राफ तथा रिपोर्ट्स के जरिए कंपनियों को आसान भाषा में निर्णय लेने योग्य इनसाइट्स (Insights) प्रदान करते हैं। इसका मुख्य लक्ष्य व्यापारिक समस्याओं का समाधान करना और त्वरित निर्णय लेने में मदद करना। अगर इसके मुख्य टुल्स की बात करें SQL, Excel, Tableau, Power BI, और Python/R है।
डेटा साइंस क्या है? (What is Data Science)
डेटा साइंस, डेटा एनालिटिक्स की तुलना में एक अधिक विस्तृत और जटिल क्षेत्र है। यह भविष्य का अनुमान लगाने और नई संभावनाओं को तलाशने से जुड़ा है। इसमें केवल आंकड़ों को एनालाइज नहीं किया जाता, बल्कि ऐसे एल्गोरिदम और मॉडल तैयार किए जाते हैं जो भविष्य की घटनाओं की भविष्यवाणी कर सकें। डेटा वैज्ञानिक उन्नत गणित, सांख्यिकी, और मशीन लर्निंग का उपयोग करके भविष्य के ट्रेंड्स का अनुमान लगाते हैं। इसका मुख्य लक्ष्य नए प्रश्न उठाना, भविष्य के पैटर्न खोजना और ऑटोमेटेड मशीन मॉडल बनाना। अब अगर इसके मुख्य टूल्स की बात करें तो Python, R, Machine Learning, Deep Learning, Hadoop, TensorFlow, और AI इसके टूल्स है।
डेटा एनालिटिक्स और डेटा साइंस में मुख्य अंतर
| आधार | डेटा एनालिटिक्स (Data Analytics) | डेटा साइंस (Data Science) |
| फोकस | वर्तमान और अतीत के डेटा का विश्लेषण | भविष्य का अनुमान और मॉडल निर्माण |
| स्किल सेट | SQL, Excel, BI टूल्स, डेटा विज़ुअलाइजेशन | मशीन लर्निंग, कोडिंग, सांख्यिकी, AI |
| जटिलता | मध्यम | अत्यधिक जटिल |
| मुख्य भूमिका | डेटा से सवालों के जवाब देना | नए सवाल और समाधान खोजना |
आपके करियर के लिए कौन सा विकल्प बेहतर है?
दोनों ही क्षेत्रों में नौकरियों के अवसर और सैलरी पैकेज बेहतरीन हैं, लेकिन सही चुनाव आपकी व्यक्तिगत रुचि और कौशल पर निर्भर करता है। डेटा एनालिसिटक्स आपके लिए बेहतर है यदि आप गणित और सांख्यिकी (Statistics) में रुचि रखते हैं, लेकिन आपको बहुत अधिक कोडिंग या प्रोग्रामिंग पसंद नहीं है। आपको डेटा के जरिए कहानियां प्रस्तुत करना और बिजनेस प्रॉब्लम्स को सुलझाना पसंद है। आप जल्द से जल्द इस फील्ड में एंट्री करना चाहते हैं।
डेटा साइंस आपके लिए बेहतर है यदि आपकी प्रोग्रामिंग (Python/R), गणित और लॉजिकल रीजनिंग पर मजबूत पकड़ है। आप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग जैसे एडवांस टॉपिक्स पर काम करना चाहते हैं। आप जटिल समस्याओं का कम से कम समय समाधान खोजने में आनंद लेते हैं।
दोनों ही फील्ड्स में अपार संभावनाएं हैं। शुरुआती दौर में कई लोग पहले डेटा एनालिस्ट के रूप में अपना करियर शुरू करते हैं और बाद में अनुभव व कोडिंग स्किल्स बढ़ाकर डेटा साइंटिस्ट के रूप में खुद को अपडेट करते हैं। अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही राह का चुनाव कर सकते हैं।
