शहर

पुणे में MNS नेता की दबंगई: राज ठाकरे की आलोचना पर मराठी इन्फ्लुएंसर के सिर पर चप्पल रखवाकर मंगवाई माफी

Pune News: पुणे में मनसे नेता ने राज ठाकरे की आलोचना करने पर एक मराठी इन्फ्लुएंसर के चेहरे पर कालिख पोत दी और सिर पर चप्पल रखकर उससे जबरन उठक-बैठक करवाई।

Image

पुणे में मनसे कार्यकर्ता की दबंगई (फोटो- X)

Pune News: महाराष्ट्र के पुणे से मनसे (MNS) कार्यकर्ता की दबंगई का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। हडपसर इलाके में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के एक नेता ने पार्टी प्रमुख राज ठाकरे की कथित तौर पर आलोचना करने पर एक मराठी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को न केवल अपमानित किया, बल्कि उससे सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करवाई गई।। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

मुंह पर पोती स्याही

पुलिस और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी मनसे नेता की पहचान शुभम जगदाले के रूप में हुई है, जबकि पीड़ित इन्फ्लुएंसर का नाम महेश मोटे है। आरोप है कि महेश ने अपनी एक रील में राज ठाकरे के खिलाफ टिप्पणी की थी। इससे नाराज होकर शुभम जगदाले ने उसे घेरा और जबरन सार्वजनिक रूप से माफी मांगने पर मजबूर किया। वायरल वीडियो में महेश के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार देखा जा सकता है। उसके चेहरे पर कालिख मली गई थी। सिर पर चप्पल रखकर उससे उठक-बैठक करवाई गई। उसे राज ठाकरे की तस्वीर के सामने साष्टांग प्रणाम (दंडवत) करने के लिए मजबूर किया गया।

"भूल से निकल गए थे शब्द..." रोते हुए मांगी माफी

प्रताड़ना के दौरान रोते हुए इन्फ्लुएंसर महेश मोटे ने माफीनामा जारी किया। वीडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, "मुझसे गलती से राज साहब के बारे में गलत शब्द निकल गए थे। मैंने शुभम दादा और अन्य मनसे पदाधिकारियों के बारे में भी अनुचित बात कह दी थी। आज मुझे अपनी गलती पर गहरा पछतावा है। उस रील के कारण मैं इस मुसीबत में फंसा हूं। मैं मनसे पार्टी और आप सभी से तहे दिल से माफी मांगता हूं।"

आरोपियों ने महेश को यह अपमानजनक वीडियो अपने ही फेसबुक पेज पर अपलोड करने के लिए भी विवश किया।

मनसे कार्यकर्ताओं की दबंगई का पहला मामला नहीं

मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा कानून हाथ में लेने और गुंडागर्दी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ महीने पहले ठाणे रेलवे स्टेशन पर एक मामूली विवाद के दौरान मनसे कार्यकर्ता स्वरा घाटे ने एक महिला को थप्पड़ जड़ दिया था और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उससे पूरे महाराष्ट्र से माफी मंगवाई थी। मुंबई में भाषा विवाद के दौरान मनसे कार्यकर्ताओं ने एक बैंक कर्मचारी को केवल इसलिए धमकाया और राज ठाकरे के नाम पर माफी पत्र लिखवाया, क्योंकि वह मराठी में बात नहीं कर पा रहा था।

फिलहाल, इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मनसे नेता की इस हरकत की कड़ी आलोचना हो रही है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article