What happens if you get a back in MBBS: मेडिकल की पढ़ाई यानी एमबीबीएस (MBBS) को देश के सबसे कठिन और जिम्मेदार कोर्स में से एक माना जाता है। हर साल लाखों छात्र डॉक्टर बनने का सपना लेकर इस फील्ड में प्रवेश लेते हैं, लेकिन कोर्स का भारी-भरकम सिलेबस और कड़े मूल्यांकन के कारण कई बार छात्रों की एक या दो विषय में बैक लग जाती है। ऐसे में छात्रों के मन में यह डर बैठ जाता है कि क्या उनका साल खराब हो जाएगा या उनका एडमिशन रद्द हो जाएगा? नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने मेडिकल शिक्षा को व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए बैकलॉग और कोर्स पूरा करने की अधिकतम अवधि को लेकर बेहद स्पष्ट नियम बनाए हैं। इसमें प्रयास किया गया है कि किसी भी छात्र का साल खराब न हो और बैक आने से डॉक्टर बनने का सपना अधूरा न रह जाए।
MBBS में बैक लगने पर क्या होता है?
यदि किसी मेडिकल छात्र की एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान किसी विषय की परीक्षा में बैक लग जाती है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि उसे तुरंत कोर्स से बाहर कर दिया जाएगा। उस छात्र को सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का अवसर दिया जाता है ताकि वह उस परीक्षा को पास कर सके। बता दें कि मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित होने के कुछ समय बाद करीब 3 से 6 महीने के भीतर संस्थान द्वारा सप्लीमेंट्री परीक्षा का आयोजन किया जाता है, जिसमें छात्र शामिल होकर बैक की परीक्षा पास कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - क्या बीटेक में बैक लगने पर रद्द हो जाएगी डिग्री? जानें कितने साल में पास करना है अनिवार्य
बैक की परीक्षा में फेल होने पर क्या होगा?
बैक की परीक्षा के दौरान कई छात्रों के मन में यह सवाल रहता है कि वह इस परीक्षा में फेल हो गए तो क्या होगा? अगर छात्र बैक की परीक्षा में भी फेल हो जाता है तो उसकी इयर बैक लग जाती है। ऐसे में उसे दोबारा उस साल की पढ़ाई करनी होती है। इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि साल बचाने के लिए वह बैक की परीक्षा को पास करें। ताकि वह अपने नियमित बैच में पढ़ाई करे।
MBBS First Year को लेकर NMC के कड़े नियम
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) की गाइडलाइन के मुताबिक एमबीबीएस के प्रथम वर्ष को लेकर सबसे सख्त नियम लागू किए गए हैं। जो हर छात्र को जानना जरूरी है -
किसी भी छात्र को एमबीबीएस फर्स्ट ईयर पास करने के लिए अधिकतम 4 प्रयास (Attempts) ही मिलते हैं। इसमें मुख्य परीक्षा और सप्लीमेंट्री परीक्षा दोनों शामिल हैं। यदि कोई छात्र 4 प्रयासों के बाद भी फर्स्ट ईयर के सभी विषय क्लियर नहीं कर पाता है, तो उसका एमबीबीएस एडमिशन रद्द कर दिया जाता है और उसे कोर्स से बाहर कर दिया जाता है। ऐसे में छात्र अगर एमबीबीएस से बाहर नहीं होना चाहते हैं तो वह किसी भी हाल में बैक के पेपर क्लियर करें और बैक लाने से बचें।
MBBS पूरा करने के लिए अधिकतम कितना समय मिलता है?
सामान्य तौर पर एमबीबीएस का कोर्स 4.5 साल की अकादमिक पढ़ाई और 1 साल की अनिवार्य इंटर्नशिप को मिलाकर कुल 5.5 साल का होता है। NMC के नियमानुसार, किसी भी छात्र को अपनी पूरी एमबीबीएस की डिग्री को पास करने के लिए अधिकतम 9 से 10 वर्षों का समय मिलता है। इस समय-सीमा के भीतर छात्र को एमबीबीएस की डिग्री हर हाल में पूरी करनी होती है। यदि कोई छात्र निर्धारित अधिकतम वर्षों के भीतर अपने सभी विषयों को पास करके इंटर्नशिप शुरू नहीं कर पाता है, तो उसकी मेडिकल डिग्री की एलिजिबिलिटी समाप्त कर दी जाती है।
बैकलॉग का करियर और इंटर्नशिप पर असर
इस सभी प्रश्नों के बीच एक महत्वपूर्ण प्रश्न यह उठता है कि बैकलॉग का करियर और इंटर्नशिप पर क्या असर पड़ता है? आपको बता दें कि जब तक छात्र अपने पिछले सभी विषयों को क्लियर नहीं कर लेता, तब तक वह फाइनल ईयर पास करके अपनी अनिवार्य 1 साल की इंटर्नशिप शुरू नहीं कर सकता। बैकलॉग क्लियर होने के बाद जब छात्र को फाइनल डिग्री और रजिस्ट्रेशन मिल जाता है, तो वह पीजी प्रवेश परीक्षाओं के लिए पूरी तरह योग्य हो जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - AIIMS NORCET 11 Admit Card 2026: नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, जानें कैसे करें डाउनलोड
क्या एमबीबीएस में बैक करियर का अंत है?
नहीं, एमबीबीएस में बैक लगना करियर का अंत नहीं है, बल्कि यह पढ़ाई पर फिर से ध्यान केंद्रित करने का एक मौका है। हालांकि, प्रथम वर्ष में 4 प्रयासों की सीमा और पूरे कोर्स के लिए तय अधिकतम समय-सीमा का ध्यान रखना हर मेडिकल छात्र के लिए बेहद जरूरी है। सही रणनीति और निरंतर मेहनत से छात्र आसानी से अपनी बैक क्लियर करके एक सफल डॉक्टर बन सकते हैं। लेकिन अगर वह बैक के पेपर पास नहीं कर पाते हैं और तय समय में डिग्री प्राप्त नहीं कर पाते हैं तो डॉक्टर बनने का उनका सपना अधूरा रह सकता है।
