Viral Video: जब खाने की बात आती है, तो अधिकतर लोग सुकून से स्वाद लेकर खाना पसंद करते हैं। लेकिन, दुनिया में कुछ ऐसे महारथी भी हैं, जिनके लिए खाना किसी हाई-स्पीड रेस जैसा होता है। ब्रिटेन की मशहूर कॉम्पिटिटिव ईटर लीया शटकीवर ने एक बार फिर ऐसा ही कारनामा करके पूरी दुनिया को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है। लीया ने प्लेट में रखा भारी-भरकम बरीटो महज 30.75 सेकेंड में चट कर एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (GWR) अपने नाम कर लिया है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा जारी किए गए आधिकारिक वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही टाइमर शुरू होता है, लीया बिना एक पल गंवाए बरीटो पर टूट पड़ती हैं। लगभग 613 ग्राम भारी मेक्सिकन बरीटो को वह इतनी बड़ी-बड़ी बाइट्स के साथ गटकती हैं कि देखने वालों की सांसें थम जाती हैं। चैलेंज के दौरान सबसे खास बात यह रही कि इतनी तेजी से खाने के बावजूद लीया ने प्लेट या आसपास जरा सा भी खाना नहीं गिराया। घड़ी का कांटा जैसे ही 30.75 सेकेंड पर पहुंचा, लीया ने आखिरी निवाला मुंह में डाला और जजों को यह दिखाने के लिए अपनी जीभ बाहर निकाली कि उनका मुंह पूरी तरह खाली हो चुका है। उनकी इस गजब की स्पीड और सफाई को देखकर वहां मौजूद ऑफिशियल जज भी हैरान रह गए। देखें वीडियो...
इंसान या ईटिंग मशीन...
यह पहला मौका नहीं है जब लीया ने यह कारनामा किया हो। दरअसल, इससे पहले भी यह रिकॉर्ड लीया के ही नाम था। हालांकि, साल 2022 में अमेरिका की कॉम्पिटिटिव ईटर मिकी सुडो ने 31.47 सेकेंड में बरीटो खाकर लीया का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। लेकिन, लीया ने हार नहीं मानी और इस बार करीब 2 सेकेंड का समय घटाकर अपना खोया हुआ ताज दोबारा हासिल कर लिया। आपको बता दें कि लीया के नाम खाने से जुड़े 40 से भी ज्यादा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स दर्ज हैं, जिनमें 1 मिनट में 8 चुरोस खाना और 1 मिनट में 613 ग्राम स्ट्रॉबेरी खाना शामिल है। वहीं, इस वायरल वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि इतने समय में तो हम सिर्फ यह तय कर पाते हैं कि खाने की शुरुआत किस तरफ से करनी है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि इतनी जल्दी तो हम एक घूंट पानी भी नहीं पी पाते, इन्होंने पूरा 600 ग्राम का बरीटो कैसे गटक लिया? तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
