UPPSC APS result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की अतिरिक्त निजी सचिव (APS) भर्ती-2023 का परिणाम सामने आने के बाद अभ्यर्थियों के बीच हैरानी और नाराजगी का माहौल है। APS भर्ती-2023 के तहत कुल 328 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इस भर्ती के लिए जनवरी 2024 में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें सफल होने के बाद 5889 अभ्यर्थियों को शॉर्टहैंड और टाइपिंग परीक्षा के लिए बुलाया गया था। चयन प्रक्रिया के इस चरण में बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल हुए, लेकिन आयोग के ताजा परिणाम में कोई भी अभ्यर्थी निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतर सका।
कोई भी अभ्यर्थी सफल नहीं
आपको बता दें कि अतिरिक्त निजी सचिव (APS) पद उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों में शामिल है। इस भर्ती में चयन के लिए लिखित परीक्षा के साथ हिंदी शॉर्टहैंड, टाइपिंग और कंप्यूटर दक्षता परीक्षा भी अनिवार्य होती है। 5889 अभ्यर्थियों को शॉर्टहैंड और टाइपिंग परीक्षा के लिए बुलाया गया था लेकिन कोई भी अभ्यर्थी सफल नहीं हो सका।
आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए एक भी उम्मीदवार चयनित नहीं हो सका। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शॉर्टहैंड परीक्षा में शामिल हुए सभी 4240 अभ्यर्थी असफल घोषित कर दिए गए हैं। हालांकि, आयोग की ओर से अभी तक इस असाधारण परिणाम पर कोई विस्तृत स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थी यह जानने का इंतजार कर रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के असफल होने के पीछे क्या कारण रहे।
परिणाम घोषित होने के बाद प्रतियोगी छात्रों और अभ्यर्थियों के बीच कई सवाल उठने लगे हैं। उम्मीदवारों का कहना है कि यदि हजारों परीक्षार्थियों में से एक भी उम्मीदवार सफल नहीं हुआ, तो यह चयन प्रक्रिया की कठिनाई, मूल्यांकन प्रणाली या परीक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं कई अभ्यर्थियों ने आयोग से परिणाम और मूल्यांकन प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता की मांग की है।
