एजुकेशन

UP: 1.42 लाख अनुत्तीर्ण शिक्षकों के लिए स्पेशल TET की तैयारी, आयोग बना रहा कार्ययोजना

उत्तर प्रदेश के करीब 1.42 लाख अनुत्तीर्ण शिक्षकों के लिए जल्द ही विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) आयोजित की जा सकती है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है।

Image

प्रदेश में 1.42 लाख टीईटी अनुत्तीर्ण शिक्षकों के लिए विशेष परीक्षा की तैयारी

UP TET : उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती से जुड़े एक बड़े फैसले की तैयारी चल रही है। उत्तर प्रदेश के करीब 1.42 लाख अनुत्तीर्ण शिक्षकों के लिए जल्द ही विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) आयोजित की जा सकती है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। जानकारी के अनुसार, यह विशेष टीईटी उन शिक्षकों के लिए आयोजित की जाएगी, जो पूर्व में भर्ती तो हो चुके हैं, लेकिन शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण नहीं कर सके थे। आयोग का मानना है कि इस विशेष परीक्षा के माध्यम से ऐसे शिक्षकों को पात्रता हासिल करने का एक और अवसर मिलेगा।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर विशेष टीईटी आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आयोग ने परीक्षा की रूपरेखा और विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। शासन की स्वीकृति मिलते ही परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, इस परीक्षा में वर्ष 2010 से पूर्व भर्ती हुए प्राथमिक स्तर के शिक्षक भी शामिल होंगे। अनुमान है कि प्राथमिक स्तर पर ऐसे शिक्षकों की संख्या 64 हजार से अधिक है। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर के 76 हजार से ज्यादा शिक्षक भी इस विशेष टीईटी में शामिल किए जाएंगे। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 1.42 लाख शिक्षक इस परीक्षा के दायरे में आएंगे।

बताया जा रहा है कि आयोग ने परीक्षा आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं, जैसे परीक्षा केंद्र, आवेदन प्रक्रिया, मूल्यांकन प्रणाली और परिणाम घोषित करने की रूपरेखा भी तैयार कर ली है। उद्देश्य यह है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो। लंबे समय से विशेष टीईटी की मांग उठ रही थी। यदि शासन से मंजूरी मिल जाती है, तो बड़ी संख्या में शिक्षकों को अपनी पात्रता सुनिश्चित करने का अवसर मिलेगा।शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को प्रदेश के हजारों शिक्षकों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की नजर शासन के अंतिम निर्णय और परीक्षा की आधिकारिक अधिसूचना पर टिकी हुई है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article