UP Police SI Exam 2026 Controversy: उत्तर प्रदेश में यूपी एसआई भर्ती परीक्षा का आयोजन दो दिन यानी 14 और 15 मार्च का किया जा रहा है। आज पहले हुई परीक्षा के पेपर में एक सवाल को लेकर विवाद हो गया। जिसे लेकर डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। 14 मार्च 2026 को आयोजित UP Police SI भर्ती परीक्षा की पहली पाली में पूछे गए एक प्रश्न को लेकर विवाद हो रहा है। इस पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्रों का निर्धारण किसी भी स्थानीय स्तर पर नहीं किया जाता। पूरी प्रक्रिया अत्यंत गोपनीय एजेंसियों के माध्यम से होती है ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रहे। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। बता दें, राज्य के 75 जिलों के 1090 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा कराई जा रही है।
क्या है विवादित सवाल?
यूपी एसआई भर्ती परीक्षा 2026 के पहले दिन निम्नलिखित सवाल की वजह से विवाद पैदा हुआ:
UP Police SI Exam 2026 Controversy Question
सवाल : "अवसर के अनुसार बदल जाने वाला" इस वाक्यांश के लिए एक शब्द का चयन कीजिए -
विकल्प हैं --
A निष्कपट
B सदाचारी
C पंडित
D अवसरवादी
इस सवाल पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक ने सोशल मीडिया चैनल (X) पर लिखा- 'उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमे कड़ी आपत्ति है। सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार सभी समाजों के सम्मान, समानता और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर काम करती है। प्रदेश के हर नागरिक की गरिमा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'
वहीं देवरिया से बीजेपी विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने X पर लिखा- उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक की भर्ती प्रकिया में आए प्रश्नपत्र के विकल्प के पीछे जानबूझ कर किया गया अपराध एवं साजिश प्रतीत होती है, यह कतई स्वीकार्य नहीं है, माननीय मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी से ऐसे तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई का अनुरोध किया है।
बता दें, कि यूपी पुलिस लिखित परीक्षा प्रदेश के 75 जनपदों के 1090 परीक्षा केंन्द्रो पर 02 पालियों में शान्तिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई । जिसकी प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से मध्यान्ह 12:00 बजे तक कुल- 3,93,940 अभ्यर्थियो हेतु आयोजित की गयी जिसमें कुल- 2,63,838 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक कुल 3,93,941 अभ्यर्थियों हेतु आयोजित की गयी जिसमें कुल- 2,67,927 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल 5,31,765 (पांच लाख इकतीस हज़ार सात सौ पैंसठ) अभ्यर्थी आज दिनांक 14 मार्च 2026 की परीक्षा में सम्मिलित हुए।
