UP Police recruitment exam 2025: उत्तर प्रदेश भर्ती परीक्षा 2025 के दौरान वाराणसी के एक सेंटर पर युवाओं के हाथों से कलावा काटने के आरोप में पुलिसकर्मी पर एक्शन लिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों की चेकिंग / फ्रिस्किंग के संबंध में निरंतर यह नीतिगत निर्देश दिए जाते हैं कि किसी भी अभ्यर्थी द्वारा धारण किए गए धार्मिक सांस्कृतिक चिन्हों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि को न तो हटवाया जाएगा ना ही उतारने का प्रयास किया जाएगा। बावजूद इसके वाराणसी के एक सेंटर से कलावा काटते हुए पुलिसकर्मी का वीडियो सामने आया।
वीडियो वायरल होने के बाद बोर्ड ने कहा कि अभ्यर्थियों के धार्मिक चिन्हों जैसे कलावा , मंगलसूत्र आदि नहीं काटने के निर्देश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा समस्त अधिकारियों को पूर्व से ही दिए गए हैं। किंतु सोशल मीडिया पर वायरल वाराणसी के प्रकरण में एक पुलिसकर्मी द्वारा उसका उल्लंघन किया गया है। इस उल्लंघन के दृष्टिगत अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए पुलिस आयुक्त वाराणसी को पत्र निर्गत किया गया है।
बता दें कि 14 मार्च को लिखित परीक्षा प्रदेश के 75 जनपदों के 1090 परीक्षा केंन्द्रों पर 02 पालियों में सफलतापूर्वक संपन्न हुई । जिसकी प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से मध्यान्ह 12:00 बजे तक कुल- 3,93,940 अभ्यर्थियो हेतु आयोजित की गयी जिसमें कुल- 2,63,838 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक कुल 3,93,941 अभ्यर्थियों हेतु आयोजित की गयी जिसमें कुल- 2,67,927 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल 5,31,765 (पांच लाख इकतीस हज़ार सात सौ पैंसठ) अभ्यर्थी आज दिनांक 14 मार्च 2026 की परीक्षा में सम्मिलित हुए।
सॉल्वर गैंग पर निगरानी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा भर्ती परीक्षा में शुचिता बनाए रखने के लिए तथा पेपर लीक की भ्रामक सूचनाओं, पेपर क्रय -विक्रय, परीक्षा में नकल, साल्वर गैंग अथवा अन्य किसी भी अवांछनीय गतिविधि के संबंध में निगरानी रखी जा रही है। बोर्ड द्वारा पेपर लीक की भ्रामक सूचनाओं से सम्बन्धित एफआईआर दर्ज कराने की कार्यवाही निरंतर प्रक्रिया में है।
