क्रिकेट

IND A W vs AUS A W 1st ODI: इंडिया ए महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया ए को दी चार विकेट से मात, तेजल, अनुष्का और निकी चमकीं

तेजल हसबनिस और अनुष्का शर्मा ने आक्रामक अर्धशतक जबकि निकी प्रसाद के हरफनमौला खेल की बदौलत भारत ए ने रविवार को खेले गए पहले महिला वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को चार विकेट से हरा दिया

Image

तेजल हसबनिस

मुल्लांपुर: तेजल हसबनिस और अनुष्का शर्मा ने आक्रामक अर्धशतक जबकि निकी प्रसाद के हरफनमौला खेल की बदौलत भारत ए ने रविवार को खेले गए पहले महिला वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह जीत मेजबान टीम के लिए राहत लेकर आई क्योंकि इससे पहले उसे टी20 सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। हसबनिस ने 82 गेंद में 81 रन की शानदार पारी खेली जिसमें पांच चौके और छह छक्के जड़े थे। उन्होंने उभरती हुई खिलाड़ी अनुष्का (55 रन, 61 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 126 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी की बदौलत भारत ने 236 रन के लक्ष्य को 41.1 ओवर में हासिल कर लिया।

46 रन पर इंडिया ए ने गंवा दिए थे तीन विकेट

हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और 9.1 ओवर में उसका स्कोर तीन विकेट पर 46 रन था। टीम ने सलामी बल्लेबाज तनीषा सिंह, प्रिया पूनिया और कप्तान यास्तिका भाटिया के विकेट गंवा दिए। लेकिन हसबनीस और अनुष्का ने 21 ओवर तक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और पांच रन प्रति ओवर से ज्यादा की रफ्तार से रन बनाकर भारत को सुरक्षित स्थिति में पहुंचाया। फिर 33.2 ओवर में भारत का स्कोर पांच विकेट पर 195 रन था और जीत बिल्कुल करीब थी।

निकी प्रसाद और सयाली सतघरे ने दिलाई जीत

अनुष्का के आउट होने के बाद निकी (नाबाद 32 रन) और सयाली सतघरे (25) ने छठे विकेट के लिए 40 रन जोड़कर भारत को जीत दिलाई। इससे पहले सलामी बल्लेबाज रेचल ट्रेनामन (36) और कप्तान तहलिया विल्सन (48) के बीच 81 रन की साझेदारी के बाद ऑस्ट्रेलिया को लय बनाने में संघर्ष करना पड़ा। युवा भारतीय स्पिनर निकी (28 रन देकर तीन विकेट) और वैष्णवी शर्मा (40 रन देकर तीन विकेट) ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोके रखा जिससे टीम 46.3 ओवर में 235 रन पर सिमट गई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article