एजुकेशन

यूपी पुलिस कांस्टेबल की एक सीट पर जबरदस्त टक्कर, PHD और MBA वालों ने भी आजमाई किस्मत

UP Police Constable Exam 2026: देशभर में बेरोजगारी का आलम इस कदर है कि 12वीं पास वाली नौकरी के लिए भी पीएचडी और एमबीए वाले आवेदन कर रहे हैं। यूपी पुलिस कांस्टेबल के 32679 पदों के लिए कुल 29 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने अपना आवेदन किया है। ऐसे में यहां आप जान सकते हैं कि यूपी पुलिस कांस्टेबल की एक सीट के लिए कितने दावेदार हैं।

Image

यूपी पुलिस कांस्टेबल की एक सीट पर जबरदस्त टक्कर, PHD और MBA वालों ने भी आजमाई किस्मत

UP Police Constable Exam 2026: बेरोजगारी का आलम उन युवाओं से पूछिए जिन्होंने रात दिन मेहनत कर लाखों रुपये खर्च कर एमएससी, पीएचडी या एमबीए की डिग्री ली, लेकिन अब नौकरी नहीं मिल रही है। यही कारण है कि अब वह बैंक क्लर्क हो या फिर कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कुछ ऐसा ही इन दिनों उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में देखने को मिल रहा है। बता दें यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8 जून से शुरू हो चुकी है। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में 32,679 पदों के लिए 29 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने अपना आवेदन किया है।

UP Police Constable Exam: 1 सीट के लिए 89 दावेदार

आज यानी 9 जून को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का दूसरा चरण आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक है, जबकि सेकेंड शिफ्ट का एग्जाम दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। सरकारी आंकड़ो की मानें तो यहां लगभग 29 लाख उम्मीदवारों ने अपनी रजिस्ट्रेशन करवाया है। ऐसे में देखा जाए तो 1 पद के लिए करीब 89 दावेदारों के बीच कड़ा मुकाबला है।

UP Police Constable Exam 2026: 12वीं पास वाली नौकरी के लिए PHD वालों ने किया आवेदन

इस परीक्षा की सबसे भावुक कर देने वाली बात यह है कि यहां आपको एमबीए, एमएससी, एमकॉम से लेकर पीएचडी होल्डर्स भी नौकरी के लिए लाइन में खड़े मिल जाएंगे। यह स्थिति न केवल सरकारी नौकरियों के प्रति युवाओं के बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है, बल्कि रोजगार के मौजूदा परिदृश्य पर भी कई अहम सवाल खड़े करती है। उच्च शिक्षा की डिग्रियां होने के बाद भी देश में लाखों युवा बेरोजगार नौकरी की तालाश में घूम रहे हैं।

सामान्य योग्यता वालों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा

इस स्थिति ने रोजगार से जुड़े कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि जब उच्च डिग्रीधारक युवा कम योग्यता वाले पदों के लिए आवेदन करने लगते हैं तो यह संकेत देता है कि उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही इससे एक ओर प्रतियोगिता बढ़ती है तो दूसरी ओर सामान्य योग्यता वाले उम्मीदवारों के लिए प्रतिस्पर्धा और भी कठिन हो जाती है।

बता दें बीते दिनों 8 जून की परीक्षा के लिए कुल 9,62,832 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था लेकिन इनमें से सिर्फ 75.15 फीसदी यानी कि 7,23,540 अभ्यर्थी ही परीक्षा में उपस्थित हुए। वहीं आज यानी 9 जून को भी परीक्षा दो पालियों में निर्धारित है। पहली पाली (10 से 12 बजे) की परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक पहुंचने के का आदेश दिया गया था। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे से 2:30 के बीच पहुंचने का निर्देश दिया गया था।

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article