एजुकेशन

UP के एडेड कॉलेजों में 1600+ असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती की तैयारी, मॉडल स्कूलों में भी बनेंगे नए पद

UP Assistant Professor Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1600 से ज्यादा खाली पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके तहत मॉडल स्कूलों में भी नए पद बनाए जाएंगे।

Image

UPESSC

UP Assistant Professor Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1600 से ज्यादा खाली पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय को कॉलेजों से रिक्तियों की जानकारी मिल चुकी है और इसे यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। पहले इन पदों की संख्या करीब 1150 बताई गई थी। लेकिन निदेशालय की सख्ती के बाद कई कॉलेजों ने अतिरिक्त पदों का ब्योरा भेजा, जिससे कुल संख्या 1600 के पार पहुंच गई।

निदेशालय अब इन पदों का विज्ञापन संख्या-51 में जारी पदों से मिलान कर अंतिम प्रस्ताव आयोग को भेजेगा। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बी.एल. शर्मा के अनुसार रिक्तियों का विवरण चरणबद्ध तरीके से पोर्टल पर चढ़ाया जा रहा है। इससे पहले 2022 में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1017 पदों के लिए विज्ञापन निकला था। बीएड के 109 पदों को छोड़कर बाकी 910 पदों की पुनर्परीक्षा अप्रैल 2026 में हो चुकी है।

प्राचार्य पदों में भी बढ़ोतरी संभव

एडेड कॉलेजों में प्राचार्य के खाली पदों की संख्या भी बढ़ सकती है। अब तक निदेशालय 111 पदों का अधियाचन आयोग को भेज चुका है। कई कॉलेजों से अभी डेटा आना बाकी है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों से सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद और पद सामने आ सकते हैं।

मॉडल कंपोजिट विद्यालयों में शिक्षकों की होगी नियुक्ति (UPESSC)

प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के लिए भी शिक्षकों के नए पद बना रही है। प्री-नर्सरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई के लिए हर सेक्शन में दो शिक्षकों की तैनाती का प्रस्ताव मांगा गया है।

राज्य में 150 ऐसे विद्यालय खोले जाने हैं। इनमें से 126 के लिए फंड जारी हो चुका है और 86 स्कूलों का निर्माण शुरू हो गया है। सरकार का लक्ष्य अगले सत्र से इनमें पढ़ाई शुरू कराने का है।

स्कूलों में यूपी बोर्ड सिलेबस के साथ अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई होगी। हर विद्यालय में करीब 1500 छात्रों की क्षमता रहेगी। स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, एआई-रोबोटिक्स लैब, भाषा लैब और स्किल डेवलपमेंट सेंटर जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article