School Closed: देश के विभिन्न राज्यों में मौसम के मिजाज लगातार बदल रहे हैं। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश और पहाड़ी राज्यों में वर्षा और भूस्खलन के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। खराब मौसम, जलभराव और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड कई शहरों में स्थानीय प्रशासन द्वारा छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुट्टी (School Holiday) का घोषणा की गई है। इस फैसले से छोटे बच्चों और स्कूली छात्रों को खराब मौसम से होने वाली परेशानियों और जोखिम से राहत मिलेगी। आइए जानते हैं कि खराब मौसम के कारण किन-किन राज्यों में स्कूल बंद रहेंगे और प्रशासन के क्या निर्देश हैं।
उत्तर प्रदेश में कहां बंद रहेंगे स्कूल
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। आईएमडी ने कई स्थानों पर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। लगातार हो रही बारिश और इलाकों में हुए जलभराव को देखते हुए बरेली, लखीमपुर खीरी और संभल में स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। यहां नर्सरी से कक्षा 12वीं तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। इस दौरान किसी भी कंफ्यूजन की स्थिति में छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वह संबंधित स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट, व्हाट्सएप ग्रुप या फिर फोन कर अपनी दुविधा को दूर करें।
उत्तराखंड में कहां-कहां बंद रहेंगे स्कूल
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी है, यहां लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट वाले जिलों में नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, उधमसिंह नगर और अल्मोड़ा शामिल है। यहां बारिश की स्थिति, खराब मौसम और लैंडस्लाइड की स्थिति को देखते हुए नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और अल्मोड़ा में स्कूलों को बंद (Uttarakhand School Closed) करने का आदेश जारी किया गया है। यहां सभी स्कूल बंद रहेंगे।
पंजाब में बंद रहेंगे स्कूल
जहां एक तरह कुछ राज्यों में बारिश के चलते स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है, वहीं पंजाब में भी आज स्कूल बंद रहेंगे। अंतर केवल इतना है कि यहां बारिश के कारण स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद नहीं है, बल्कि शहीद भगत सिंह जयंती (28 सितंबर 2026) के कारण स्कूल बंद रहेंगे।
दिल्ली-एनसीआर में क्या है छुट्टी को लेकर अपडेट
दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में भी बारिश के संभावना जताई गई है। कई इलाकों में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी भी देखी गई है। हालांकि अभी तक इन शहरों में स्कूल बंद को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इसका अर्थ यह है कि यहां नियमित रूप से कक्षाएं चलेंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - SSC CGL Tier 1 Admit Card: आधिकारिक वेबसाइट पर जारी हुआ एसएससी सीजीएल टियर 1 परीक्षा का एडमिट कार्ड, ऐसे करें चेक
अभिभावकों और छात्रों के लिए जरूरी सलाह
सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी खबरों से बचें। छुट्टी की पुष्टि केवल जिला प्रशासन, डीएम के आधिकारिक ट्विटर/एक्स हैंडल या स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप से ही करें। भारी बारिश के दौरान बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और पुराने जर्जर भवनों से दूर रखें।
