एजुकेशन

Success Story: सासाराम के कसीम हैदर ने लफ्जों से पाया मुकाम, रिजेक्शन को ताकत बना छुआ आसमान

Sayyed Qaseem Haider Success story: बिहार के सासाराम में जन्मे और नजीबाबाद में पले-बढ़े कसीम हैदर ने अपनी मेहनत और लगन से बॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। कसीम की शुरुआती पढ़ाई सासाराम, रोहतास में हुई, लेकिन आठवीं के बाद वो अपनी मां के घर नजीबाबाद, बिजनौर आ गए। आज के युवाओं के लिए उनकी कहानी प्रेरणा है।

Image

Qaseem Haider

Sayyed Qaseem Haider Success story: बिहार के सासाराम में जन्मे और उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद में पले-बढ़े कसीम हैदर ने अपनी मेहनत और लगन से बॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। कसीम की शुरुआती पढ़ाई बिहार के सासाराम और रोहतास में हुई। यहां से आठवीं कक्षा करने के बाद वह अपनी मां के घर नजीबाबाद आ गए। फिल्मी दुनिया में कदम रखना किसी भी छोटे शहर के लड़के के लिए आसान नहीं होता, लेकिन कसीम ने अपने हौसले और संघर्ष से अपने लिए जगह बनाई है और पहचान पाई है। कसीम हैदर को दादा साहेब फाल्के आइकान अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है

कैसे शुरू हुआ सफर

कसीम ने सबसे पहले धार्मिक कार्यक्रमों में एंकरिंग करना शुरू किया। एंकरिंंग के लिए स्क्रिप्ट वह खुद लिखते और उसके शायरियों का प्रयोग भी करते। एक दिन वह मंच पर थे और एक मशहूर शायर ने उनसे कहा कि कुछ अपना भी सुनाओ। तब कसीम के पास शब्द नहीं थे और उन्हें शर्मिंदगी का सामना करना पडा। तब उन्होंने ठाना कि एक दिन अपना लिखा दुनिया को सुनाएंगे। उन्होंने कलम उठाई और लिखना शुरू किया। अभिनेता बनने का सपना लेकर वह मुंबई पहुंचे लेकिन जब भी ऑडिशन देने जाते तो या तो पैसे मांगे जाते या ताने मिलते।

हार कर उन्होंने ऑडिशन देना ही छोड़ दिया और लेखन पर ध्यान केंद्रित किया। इसके बाद सबसे पहले उन्होंने घोस्ट राइटिंग शुरू की और कई गाने लिखे। उनके लिखे गाने दूसरे गीतकारों के नाम से रिलीज हुए। इन गानों के बदले उन्हें धन तो मिला लेकिन पहचान नहीं। इसके बाद उन्होंने खुद के लिए लिखना शुरू किया। वह अब तक 700 से ज्यादा स्टेज शोज के लिए एंकरिंंग कर चुके हैं और दो फिल्मों की स्क्रिप्ट भी लिख चुके हैं।

अभिनय की शुरुआत

कसीम ने अपनी एक्टिंग की शुरुआत सिकंदर मिर्जा के टीवी शो "हम हैं सिकंदर" से की। इसके बाद वह Pledge to Protect फिल्म में अहम रोल में नजर आए। वह Dream City Mumbai और Where Is Najeeb जैसी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने हामिद अली की फिल्म "हम हैं किंग" की शूटिंग पूरी की है और अब "द थर्ड हैकर" पर काम कर रहे हैं। कसीम की कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो छोटे शहरों से बड़े सपने लेकर निकलते हैं।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article