राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने लेक्चरर एवं कोच (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 के कई विषयों की मॉडल उत्तरकुंजियां जारी कर दी हैं। आयोग ने सोशियोलॉजी, इकोनॉमिक्स, म्यूजिक, ड्राइंग, उर्दू, पंजाबी, एग्रीकल्चर, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, होम साइंस और राजस्थानी विषयों की उत्तरकुंजियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी हैं। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब मॉडल उत्तरकुंजी का मिलान कर सकते हैं और किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति होने की स्थिति में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों को मॉडल उत्तरकुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। उम्मीदवार 1 जुलाई से 3 जुलाई 2026 की रात्रि 12 बजे तक निर्धारित शुल्क के साथ अपनी आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
आरपीएससी ने स्पष्ट किया है कि आपत्तियां केवल आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रम के अनुसार ही दर्ज करनी होंगी। साथ ही अभ्यर्थियों को अपनी आपत्ति के समर्थन में किसी मानक और प्रामाणिक पुस्तक या स्रोत का प्रमाण भी ऑनलाइन अपलोड करना होगा। यदि प्रमाण संलग्न नहीं किया जाता है तो संबंधित आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल वही अभ्यर्थी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं जिन्होंने संबंधित परीक्षा में भाग लिया है। अन्य किसी व्यक्ति द्वारा भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। इसके अलावा किसी प्रश्न पर आपत्ति दर्ज करने का अवसर केवल एक बार ही मिलेगा।
प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके साथ सेवा शुल्क अतिरिक्त देय होगा। अभ्यर्थियों को एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर Recruitment Portal में उपलब्ध "Question Objection" लिंक के माध्यम से आपत्तियां दर्ज करनी होंगी। शुल्क का भुगतान ई-मित्र कियोस्क या ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के जरिए किया जा सकता है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जमा किया गया शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा। साथ ही ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। तकनीकी समस्या आने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल या हेल्पलाइन नंबर 9352323625 और 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं।
