RNSE Board Exam Result : राजस्थान माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत आयोजित होने वाली वार्षिक परीक्षा परिणाम की तारीखों में बदलाव किया गया है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर की तरफ से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक, पहले 16 मई 2026 को रिजल्ट घोषित होने थे। लेकिन अब 25 मार्च 2026 को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे।
आदेश में बताया गया है कि अकैडमिक कैलेंडर के अनुसार नया शैक्षणिक सत्र 01 अप्रैल 2026 से शुरू किया जाना है। ऐसे में प्रशासनिक और शैक्षणिक कारणों को ध्यान में रखते हुए वार्षिक एग्जाम के रिजल्ट की तारीख में ये बदलाव किया गया है, ताकि नया सेशन समय पर शुरूकिया जा सके और छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की दिक्कत ना आए।
शिक्षा निदेशक ने जारी किया आदेश
ये आदेश समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जारी किया गया है और सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को इसका पालन करने के लिए कहा गया है। आदेश पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर के हस्ताक्षर भी हैं।
बताते चलें कि इससे पहले राजस्थान बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह ने जानकारी दी थी कि 12वीं के 2 पेपर्स का टाइम बदला है। 12वीं कंप्यूटर साइंस इनफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिस और चित्रकला के एग्जाम के समय में बदलाव हुआ है। 17 और 24 फरवरी को होने वाले एग्जाम सुबह की शिफ्ट में नहीं बल्कि दोपहर में होंगे।
बोर्ड ने क्यों लिया टाइमिंग बदलने का फैसला?
बोर्ड ने इस बदलाव का कारण बताते हुए कहा था कि सेंटर पर क्षमता से ज्यादा स्टूडेंट्स परीक्षा देने आ रहे थे। 17 और 24 फरवरी को परीक्षा केंद्र पर ज्यादा बच्चों के होने की जानकारी मिली थी। इसकी जांच भी करवाई गई थी। इसके बाद ही परीक्षा का समय बदला गया है।
इस बार 19 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
बताते चलें कि 12 फरवरी से राजस्थान बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। साल 2026 की दोनों क्लास की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 19 लाख से भी ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। ऐसे में प्रशासन ने इसे देखते हुए सुरक्षा, गोपनीयता और परीक्षा को सही से करवाने के लिए 6,000 से भी ज्यादा एग्जाम सेंटर्स बनाए हैं।
