एजुकेशन

पहली बार में बनना चाहते हैं SDM, जानें फर्स्ट अटेम्ट में UP PCS क्रैक करने का फॉर्मूला

Pahli baar mein SDM Kaise banein: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस परीक्षा राज्य की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इस परीक्षा के जरिए एसडीएम, डीएसपी, बीडीओ बनते हैं। सही रणनीति और निरंतर मेहनत के दम पर पहले प्रयास में भी UP PCS क्रैक किया जा सकता है।

Image

पहली बार में कैसे बनें SDM

How to crack UP PCS in first attempt: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस परीक्षा राज्य की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इस परीक्षा के जरिए एसडीएम, डीएसपी, बीडीओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नियुक्ति होती है। इस परीक्षा की गिनती देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में होती है। लाखों छात्र हर साल इसमें अपनी किस्मत आजमाते हैं लेकिन सफल केवल एक-दो प्रतिशत ही हो पाते हैं। हालांकि सही रणनीति और निरंतर मेहनत के दम पर पहले प्रयास में भी UP PCS क्रैक किया जा सकता है। आज हम आपको यही बताएंगे कि पहली बार में बनना चाहते हैं SDM तो फर्स्ट अटेम्ट में UP PCS क्रैक करने का फॉर्मूला जान लें।

एनसीईआरटी की किताबों से बनाएं आधार

14वीं रैंक लाने वाले SDM विनय उपाध्याय विनय बताते हैं कि अगर आपका कोई भी बैकग्राउंड नहीं है और तो सबसे पहले कक्षा 9 से 12 तक की एनसीईआरटी की किताबें पढ़ें। इससे आपको पॉलिटी, हिस्ट्री, इकोनॉमिक्स और ज्योग्राफी की बेसिक समझ हो जाएगी। बता दें कि UP PCS की तैयारी में एनसीईआरटी की किताबें मजबूत आधार बनाने का काम करती हैं। इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, अर्थव्यवस्था और विज्ञान जैसे विषयों की मूलभूत समझ विकसित करने के लिए कक्षा 6 से 12 तक की एनसीईआरटी पुस्तकों का अध्ययन बेहद उपयोगी माना जाता है। इसके बाद मानक संदर्भ पुस्तकों और समसामयिक घटनाओं पर फोकस करना चाहिए। एनसीईआरटी से बेस मजबूत करने के बाद विनय ने यूथ पब्लिकेशन और घटना चक्र जैसी किताबों को पढ़ने की सलाह दी है।

करेंट अफेयर्स की तैयारी

राज्य कर लखनऊ में असिस्टेंट कमिश्नर श्याम सुंदर पाठक बताते हैं कि करेंट अफेयर्स को हल्के में लेना या कम ध्यान देना आत्मघाती हो सकता है। लेकिन करेंट अफेयर्स पर इतना भी ताकत मत लगा दीजिए कि पारंपरिक विषयों (जैसे इतिहास, भूगोल) पर आवश्यक ध्यान न दे पाएं। करंट अफेयर्स से लगभग 25-35 प्रश्न पूछे जाते हैं। प्रयास करें कि आपके 2-3 प्रश्नों को छोड़कर सभी प्रश्न सही हों। 2-3 प्रश्न तो ऐसे अवश्य ही आते हैं जो आपको किसी किताब, मैगजीन आदि में नहीं मिलेंगे। तो ऐसे प्रश्नों की परवाह मत कीजिए। डेली करेंट अफेयर्स पर विषेश फोकस कीजिए। कोई स्तरीय राष्ट्रीय समाचार पत्र तथा बढ़िया मैगजीन पढ़ना आपके डेली डोज में हो और लगभग 1 घंटा करेंट अफेयर्स को रोज दीजिए। करेंट अफेयर्स परीक्षा की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रोजाना अखबार पढ़ने, सरकारी योजनाओं, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाओं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी जाती है। साथ ही महत्वपूर्ण बिंदुओं के नोट्स बनाना भी फायदेमंद रहता है।

टाइम टेबल जरूरी

टाइम टेबल बनाकर नियमित अध्ययन करना सफलता की कुंजी है। रोजाना 6 से 8 घंटे की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई, सीमित और विश्वसनीय अध्ययन सामग्री तथा नियमित रिवीजन उम्मीदवार को प्रतिस्पर्धा में आगे रख सकते हैं। 23वीं रैंक लाने वाले हिंदी मीडियम के छात्र रहे SDM राजेश वर्मा कहते हैं कि अगर आप बेहतर रणनीति के साथ तैयारी के मैदान में उतरेंगे, तो आपको जल्दी सफलता मिल जाएगी।

सिलेबस और पैटर्न की समझ

उम्मीदवारों को परीक्षा के सिलेबस और पैटर्न को अच्छी तरह समझना चाहिए। कई छात्र तैयारी शुरू तो कर देते हैं, लेकिन सिलेबस का गहराई से अध्ययन नहीं करते। इससे पढ़ाई बिखरी हुई रहती है और समय की बर्बादी होती है। इसलिए तैयारी की शुरुआत सिलेबस और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के विश्लेषण से करनी चाहिए।

मॉक टेस्ट से तैयारी

मॉक टेस्ट और उत्तर लेखन अभ्यास को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। प्रारंभिक परीक्षा के लिए नियमित टेस्ट देने से समय प्रबंधन और प्रश्नों को हल करने की क्षमता बेहतर होती है। वहीं मुख्य परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए उत्तर लेखन की लगातार प्रैक्टिस जरूरी है।

क्या है सफलता की कुंजी

UP PCS में पहले प्रयास में सफलता पाने का कोई जादुई फॉर्मूला नहीं है। सही दिशा में लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही वह मंत्र है, जो किसी भी अभ्यर्थी को एसडीएम बनने के सपने तक पहुंचा सकता है। जो उम्मीदवार समय रहते उत्तर लिखने की आदत विकसित कर लेते हैं, उन्हें मुख्य परीक्षा में बड़ा लाभ मिलता है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघव author

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर... और देखें

End of Article