MBBS Study Hindi Books Launch by Amit Shah: भारत में स्वदेशी भाषाओं और खास तौर पर हिंदी भाषा में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में मोदी सरकार कई तरह के प्रयास करने पर जोर दे रही है और इसी में से एक कदम कुछ ही दिन बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से उठाया जाना वाला है, जिसमें वह मेडिकल की पढ़ाई के लिए होने वाले एमबीबीएस कोर्स की किताबों को हिंदी में लॉन्च करने जा रहे हैं। आगामी 16 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से इन किताबों को हिंदी भाषा में रिलीज किया जाएगा और इसके लिए जोरों से तैयारियां की जा रही हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को भोपाल में प्रथम वर्ष की एमबीबीएस पुस्तकों के हिंदी संस्करण का विमोचन करेंगे। इसके साथ, मध्य प्रदेश हिंदी में चिकित्सा शिक्षा प्रदान करने वाला देश का पहला राज्य बनने के करीब पहुंच जाएगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का मानना है कि इस पहल से लोगों की मानसिकता बदलेगी, जो यह देखेंगे कि हिंदी माध्यम में शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी जीवन में प्रगति हो सकती है, साथ ही अपनी मां और मातृभाषा पर गर्व की भावना महसूस होगी।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपनी सार्वजनिक बातचीत में अक्सर हिन्दी में उच्च शिक्षा के समर्थन में आवाज उठाई है। शाह ने अगस्त में अपनी पिछली भोपाल यात्रा के दौरान भी कहा था कि अंग्रेजी भाषा के प्रति भारत के आकर्षण ने देश की 95 फीसदी प्रतिभाओं को इसकी प्रगति में योगदान करने से रोक दिया है।
राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि चिकित्सा जैव रसायन, चिकित्सा शरीर क्रिया विज्ञान और शरीर रचना विज्ञान पर पुस्तकों के अनुवादित संस्करण, पिछले आठ से नौ महीनों में 97 डॉक्टरों की एक समिति की ओर से तैयार किए गए हैं। गौरतलब है कि निर्धारित लॉन्च ऐसे समय में हुआ है, जब दो दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रमुख संस्थानों में हिंदी को शिक्षा के माध्यम के रूप में नियोजित करने के लिए शाह की अध्यक्षता वाली संसदीय राजभाषा समिति के कथित कदम के खिलाफ अपनी आवाज भी उठा रहे हैं।
