NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा और एडमिट कार्ड डाउनलोड प्रक्रिया के बीच हजारों अभ्यर्थी नई परेशानी का सामना कर रहे हैं। इस बार छात्रों की शिकायत परीक्षा को लेकर नहीं, बल्कि NTA पोर्टल पर बैंक डिटेल्स वेरिफिकेशन और रिफंड प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को लेकर है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बड़ी संख्या में छात्र अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और NTA से तत्काल समाधान की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई पोस्ट में छात्रों ने लिखा है कि वे लगातार पोर्टल एक्सेस करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वेबसाइट या तो खुल नहीं रही या फिर बार-बार एरर दिखा रही है। छात्रों का आरोप है कि तकनीकी खामी स्वीकार करने के बजाय इसे लॉगिन संबंधी समस्या बताया जा रहा है।
छात्रों का कहना है कि 21 जून को होने वाले रि-नीट के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के दौरान वेबसाइट बार-बार क्रैश हो रही है। कई उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि पोर्टल पर लॉगिन करने की कोशिश के दौरान उनके अकाउंट ब्लॉक हो गए या सिस्टम ने उन्हें बाहर कर दिया। कुछ छात्रों ने दावा किया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण उनके अकाउंट में स्वतः यह संदेश दिखाई देने लगा कि उन्होंने रिफंड के लिए बैंक विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर सहमति दे दी है, जबकि उन्होंने ऐसा कोई विकल्प नहीं चुना था।
टेंशन में छात्र, जाहिर कर रहे गुस्सा
अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि यदि बैंक खाते की जानकारी सही तरीके से दर्ज नहीं हो पाई तो भविष्य में मिलने वाले संभावित रिफंड पर असर पड़ सकता है। कई छात्रों ने NTA से “री-वेरिफाई” या “अपडेट बैंक डिटेल्स” का नया विकल्प देने की मांग की है, ताकि जिन अभ्यर्थियों के साथ तकनीकी समस्या हुई है वे अपनी जानकारी दोबारा दर्ज कर सकें।
हालांकि NTA ने हाल ही में कहा था कि लगभग एक लाख छात्र अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं और सर्वर पर बढ़ते दबाव के बावजूद तकनीकी टीमें लगातार काम कर रही हैं। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर छात्रों की शिकायतें थमती नजर नहीं आ रही हैं।
अब छात्रों की मांग है कि NTA इस मामले पर विस्तृत स्पष्टीकरण जारी करे और प्रभावित उम्मीदवारों के लिए अलग से समाधान उपलब्ध कराए, ताकि किसी भी छात्र को तकनीकी खामी का नुकसान न उठाना पड़े।
