NEET UG Re Exam 2026 News: NEET परीक्षा देने आए छात्रों के साथ आए अभिभावकों की सुविधा के लिए दिल्ली सरकार ने परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष ‘कूलिंग जोन’ बनाए हैं। मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के निर्देश पर यह व्यवस्था पटेल नगर उप-मंडल के सभी केंद्रों पर की गई है। नियमों के मुताबिक ये जोन परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की प्रतिबंधित सीमा से बाहर लगाए गए हैं। इनका मकसद गर्मी में बाहर इंतजार कर रहे लोगों को राहत देना है।
कूलिंग जोन में ठंडा पीने का पानी, वाटर कूलर, चाय, शिकंजी और बैठने के लिए आरामदायक इंतजाम किए गए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए यहां ठंडा माहौल बनाए रखने की कोशिश की गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: NEET Ug Re Exam 2026: 21 जून की परीक्षा के लिए कौन से एडमिट कार्ड नहीं होंगे मान्य, NTA ने बताया
पटेल नगर के SDM डॉ. नितिन शाक्य ने बताया कि उप-मंडल प्रशासन लगातार सभी केंद्रों पर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है, ताकि परीक्षा के दौरान अभिभावकों को किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्ली सरकार की जनहित सोच का हिस्सा है।
हर साल बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों के साथ केंद्र तक आते हैं और परीक्षा खत्म होने तक बाहर रुकते हैं। गर्मी के मौसम में यह व्यवस्था उनके लिए काफी मददगार साबित हो सकती है।
देशभर में रविवार 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG री-एग्जाम के लिए लाखों अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की एंट्री सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी, जबकि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। राजधानी दिल्ली में अधिकांश परीक्षा केंद्र सरकारी स्कूलों में बनाए गए हैं, जहां परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
गौरतलब है कि NEET UG परीक्षा को कथित पेपर लीक मामले के बाद दोबारा आयोजित किया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: NEET UG Re Exam 2026: नागपुर के छात्र को अबू धाबी में सेंटर मिलने पर NTA ने दी सफाई
