शहर

Delhi: शालीमार बाग में आधी रात को बुलडोजर एक्शन, कई इमारत ढहाई गईं, AIMIM नेता ने उठाए सवाल

Delhi News: दिल्ली के शालीमार बाग में देर रात सड़क चौड़ीकरण के तहत प्रशासन ने डिमोलिशन कार्रवाई की। इस कार्रवाई को लेकर AIMIM नेता शोएब जमई ने सवाल उठाते हुए इसे असंवैधानिक बताया। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

Image

शालीमार बाग में आधी रात चला बुलडोजर

Photo : Times Now Digital

Delhi Demolition Drive: दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में देर रात प्रशासन की ओर से की गई एक बड़ी डिमोलिशन कार्रवाई की गई। सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत मैक्स हॉस्पिटल रोड और उसके आसपास बने अवैध ढांचों पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। देर रात हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी रोड को चौड़ा करने के लिए पहले भी कई बार डिमोलिशन अभियान चलाया जा चुका है। लेकिन इस बार की कार्रवाई रात के अंधेरे और भारी पुलिस सुरक्षा के बीच की गई, जिससे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कार्रवाई के दौरान कई छोटे-बड़े ढांचे और मकानों के हिस्से ढहा दिए गए।

AIMIM नेता शोएब जमई का तीखा हमला

डिमोलिशन की जानकारी मिलते ही AIMIM के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शोएब जमई मौके पर पहुंचे और प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ कड़ा मोर्चा खोला। उन्होंने इस डिमोलिशन को पूरी तरह से असंवैधानिक और गैर-कानूनी बताया। शोएब जमई ने आरोप लगाते हुए कहा, "जिस तरह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रात के अंधेरे में मस्जिद और ढांचों पर बुलडोजर चलाया गया था, उसी तरह की कार्रवाई दिल्ली के शालीमार बाग में भी की गई। दिल्ली को सहारनपुर पार्ट-2 नहीं बनने दिया जाएगा।" इस दौरान मौके पर मदीना मस्जिद के इमाम और मस्जिद कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन की इस आधी रात की कार्रवाई पर गहरी नाराजगी जाहिर की।

प्रशासन का पक्ष और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दूसरी ओर, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से वैध है और सड़क चौड़ीकरण के लिए यह कदम उठाना जरूरी था, ताकि इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल सके। इस डिमोलिशन के बाद किसी भी तरह के तनाव, विरोध प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से निपटने के लिए पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article