एजुकेशन

NEET UG 2026: परीक्षा से पहले NTA का छात्रों के नाम स्पेशल मैसेज, अफवाहों से बचें और खुद पर रखें भरोसा

NEET UG 2026 में अब तीन दिन रह गए हैं। ऐसे में एनटीए ने छात्रों, अभिभावकों के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है, जिसमें अफवाहों पर ध्यान न देने और खुद पर भरोसा रखने की बात की।

Image

NEET UG 2026 (Photo - AI)

NEET UG 2026: नीट यूजी 2026 परीक्षा में अब बस तीन दिन का समय बाकी रह गया है। इस मोड़ पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा में शामिल होने जा रहे देश भर के लाखों उम्मीदवारों, उनके माता-पिता और शिक्षकों के लिए एक बेहद जरूरी और सकारात्मक संदेश शेयर किया है। NTA ने परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें अफवाहों से दूर रहने और पूरी निष्पक्षता के साथ परीक्षा आयोजित करने का भरोसा दिलाया है।

अपनी तैयारी पर रखें भरोसा

NTA ने छात्रों को कहा कि आपने महीनों तक कड़ी मेहनत की है और अपनी इस तैयारी पर पूरा भरोसा रखने का समय आ गया है। परीक्षा अपने तय समय पर ही आयोजित की जाएगी, इसलिए सोशल मीडिया पर परीक्षा टलने या स्थगित होने को लेकर चल रहे किसी भी प्रकार के दावों और अन्य संबंधित अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। एनटीए ने यह भी कहा कि केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी को ही सही मानें। परीक्षा के इन आखिरी दिनों में छात्र किसी भी तरह का मानसिक तनाव न लें, बल्कि मन शांत रखें और पूरी नींद लें। साथ ही केवल अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस पर फोकस करें।

सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम

जारी पोस्ट में, एजेंसी ने उम्मीदवारों को आश्वस्त किया है कि हर ईमानदार और मेहनती छात्र के हितों की रक्षा करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। नीट यूजी परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से करने के लिए विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर देश भर में बेहद मजबूत और कई स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। परीक्षा की सुरक्षा से किसी प्रकार को कोई समझौता करने या किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एनटीए ने कहा कि पिछले अनुभवों से सीखते हुए इस बार सिस्टम को और ज्यादा अभेद्य बनाया गया है। इसलिए छात्र बिना चिंता के अपनी परीक्षा की तैयारी पर फोकस करें।

तनाव होने पर लें MANAS हेल्पलाइन की मदद

एनटीए ने कहा कि यदि परीक्षा के दबाव के कारण कोई भी छात्र मानसिक रूप से परेशान या अकेला महसूस कर रहा है, तो उनके लिए एक खास सुविधा दी जा रही है। ऐसे छात्र भारत सरकार की MANAS मेंटल-हेल्थ हेल्पलाइन नंबर - 14416 पर संपर्क करके मदद ले सकते हैं। इसके साथ ही NTA ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अनुरोध किया है कि वे बच्चों के आसपास एक शांत और सकारात्मक माहौल बनाए रखें। बिना जांचे-परखे किसी भी भ्रामक खबर को सोशल मीडिया पर शेयर न करें, ताकि छात्र बिना किसी मानसिक दबाव के 21 जून को होने वाली परीक्षा में शामिल हो सके और उसमें अच्छा प्रदर्शन कर सकें।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article