Maitreyi College 58th Cultural Festival 2025: दिल्ली विश्वविद्यालय के मैत्रेयी महाविद्यालय द्वारा 58वां दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव 11 फरवरी और 12 फरवरी 2025 को मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय कुलगीत, मैत्रेयी महाविद्यालय गीत के साथ किया गया। मैत्रेयी महाविद्यालय की गवर्निंग बॉडी की अध्यक्षा प्रो. जागृत कौर ने औपचारिक रूप से सांस्कृतिक महोत्सव 'रैप्सोडी 25' के शुभारंभ की घोषणा की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना श्रीमती रिचा जैन ने छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए एक शेर के साथ अपनी बात कही- "मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती हैं, पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है।" कार्यक्रम के दौरान गवर्निंग बॉडी के सदस्य डी. डी. चौधरी और मनोज अग्रवाल भी मौजूद रहे।
संस्कृति और तकनीक का समन्वय
प्राचार्या प्रो. हरित्मा चोपड़ा ने अपने संबोधन में मैत्रेयी कुटुंब के सांस्कृतिक कार्यक्रम को संस्कृति और तकनीक का समन्वय बताया और कहा कि मैत्रेयी कुटुंब अपने सुंदर परिसर में सभी आगंतुकों का स्वागत करने के लिए उत्साहित है। साथ ही कार्यक्रम की संकल्पना और सफल आयोजन के लिए उन्होंने शुभकामनाएं दीं।
11000 लोगों ने किया पंजीकरण
मैत्रेयी महाविद्यालय के इस कार्यक्रम में लगभग 11000 लोगों ने आने के लिए पंजीकरण किया है। बता दें कि 11और 12 फरवरी, 2025 को 30 कार्यक्रम आयोजित किए जाने वाले हैं, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विविध विश्वविद्यालयों से विद्यार्थी भाग लेने आ रहें हैं। 12 फरवरी की शाम प्रसिद्ध पंजाबी गायिका ‘आस्था गिल’ के द्वारा लाइव भी प्रस्तुति दी जाएगी।
