ओJKBOPEE MSC Nursing exam cancelled : देश में नीट और सीबीएसई विवाद को लेकर पहले ही छात्र और पेरेंट्स काफी परेशान हैं। इस बीच हाल ही में जम्मू कश्मीर से भी एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां पर आंसर शीट्स में गड़बड़ी के चलते MSc नर्सिंग परीक्षा शुरू होने से कुछ ही मिनट पहले रद्द करनी पड़ गई। परीक्षा शुरू हुई तो पहले इन्हीं शीटों की जांच हुई। पता चला कि शीटों में कुछ मेल नहीं खा रहा है। जो शीट जिस बच्चे को मिलनी चाहिए थी उसमें कुछ खामियां थीं। परीक्षा से पहले की जांच प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों की OMR आंसर शीट में गड़बड़ी पाई गई थी।
OMR में निकली गड़बड़ी
सूत्रों के मुताबिक, ये मामला तब सामने आया जब सीनियर अधिकारियों, छात्र प्रतिनिधियों और ऑब्ज़र्वर्स की मौजूदगी में की गई जरूरी जांच के दौरान उम्मीदवारों को दी गई OMR शीट में गड़बड़ी (मिसमैच) का पता चला। इस गड़बड़ी का पता चलने के बाद, J&K बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन्स (JKBOPEE) ने परीक्षा रद्द करने का फैसला किया।
आमतौर पर OMR आंसर शीट पर उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर और फोटो पहले से ही छपी होती है ताकि पहचान सही रहे। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि फाइनल जांच के दौरान कुछ गड़बड़ियां पाई गईं, जिसके कारण परीक्षा को आखिरी समय में रद्द करना पड़ा। उम्मीद है कि बोर्ड जल्द ही परीक्षा की नई तारीख की घोषणा करेगा।
अचानक रद्द होने से छात्र परेशान हो गए और कई लोगों ने इस व्यवधान पर नाराजगी जाहिर की। छात्रों का कहना था कि इस फैसले से उन्हें परेशानी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा, खासकर महीनों की तैयारी के बाद।
कितने छात्र देने वाले थे एग्जाम ?
इस परीक्षा में कुल 513 उम्मीदवारों को शामिल होना था, जिनमें कश्मीर डिवीज़न से 438 और जम्मू डिवीज़न से 165 उम्मीदवार शामिल थे। छात्रों ने अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे भविष्य की परीक्षाओं में ज्यादा सटीकता सुनिश्चित करें और इस तरह की प्रशासनिक गलतियों से बचें।
