jeecup UP Polytechnic 2026 result kab aayega: उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (JEECUP) द्वारा आयोजित यूपी पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थी अब अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद परिषद ने 11 जून को प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी थी और अभ्यर्थियों को 15 जून तक आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया है। आंसर-की पर प्राप्त आपत्तियों की जांच के बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी की जाएगी। इसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच रिजल्ट को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 20 जून तक यूपी पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 का रिजल्ट संभव है। हालांकि परिषद ने अभी तक रिजल्ट की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स और परीक्षा कार्यक्रम के आधार पर माना जा रहा है कि JEECUP 2026 का रिजल्ट जून के तीसरे सप्ताह में जारी किया जा सकता है।
कहां जारी होगा रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को आवेदन संख्या और अन्य लॉगिन विवरण की आवश्यकता होगी। स्कोरकार्ड में प्राप्त अंक, रैंक, श्रेणी और क्वालिफाइंग स्टेटस जैसी जानकारियां दर्ज होंगी।
कब हुई थी परीक्षा
इस वर्ष यूपी पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2 जून से 9 जून के बीच कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की गई थी। परीक्षा के माध्यम से राज्य के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
रिजल्ट के बाद काउंसलिंग
रिजल्ट के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। काउंसलिंग में सफल अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुनने का अवसर मिलेगा। सीट आवंटन उम्मीदवार की रैंक, श्रेणी, विकल्प और सीटों की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। काउंसलिंग प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग, सीट अलॉटमेंट, दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा करने जैसे चरण शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे रिजल्ट और काउंसलिंग से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए केवल JEECUP की आधिकारिक वेबसाइट पर ही नजर रखें।
