HTET 2026 Result Link: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 में शामिल हुए लाखों उम्मीदवारों का इंतजार अब खत्म हो गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने परीक्षा का क्वालिफाइंग स्टेटस जारी कर दिया है। इसके साथ ही तीनों पेपर की फाइनल आंसर की भी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर यह देख सकते हैं कि वे परीक्षा में सफल हुए हैं या नहीं। इसके लिए उन्हें अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।
फाइनल आंसर 5 अगस्त को हुई थी जारी
बोर्ड ने बताया कि फाइनल आंसर की प्रोविजनल आंसर की पर मिली सभी आपत्तियों की जांच के बाद जारी की गई है। यानी अब जारी की गई Answer Key को अंतिम माना जाएगा। उम्मीदवार इसी आंसर की के आधार पर अपने अंक और प्रदर्शन का मिलान कर सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: HTET 2026: हरियाणा टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट की फाइनल आंसर की जारी
सफल उम्मीदवारों के लिए अगला चरण क्या है?
जो उम्मीदवार परीक्षा में सफल घोषित हुए हैं, उन्हें अब बायोमेट्रिक सत्यापन (Biometric Verification) कराना होगा। यह प्रक्रिया 10 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच पूरी की जाएगी। हरियाणा के निवासी उम्मीदवारों को अपने गृह जिले में बने सत्यापन केंद्र पर जाना होगा। वहीं, दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों को उस परीक्षा शहर में रिपोर्ट करना होगा, जिसे उन्होंने आवेदन के समय पहली पसंद के रूप में चुना था।
बायोमेट्रिक सत्यापन के समय क्या साथ ले जाएं?
सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को अपना मूल प्रवेश पत्र (Admit Card) और सरकार द्वारा जारी कोई एक मूल फोटो पहचान पत्र साथ ले जाना होगा। फोटो कॉपी, स्कैन कॉपी या मोबाइल में रखी डिजिटल कॉपी मान्य नहीं होगी। साथ ही उम्मीदवार किसी दूसरे जिले में जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं करा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर बोर्ड सत्यापन केंद्र या कार्यक्रम में बदलाव भी कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जापान का एजुकेशन सिस्टम भारत की शिक्षा व्यवस्था से कितना है अलग? खासियत जान हैरान हो जाएंगे
पास होने के लिए कितने अंक जरूरी थे?
सामान्य वर्ग और हरियाणा के बाहर के उम्मीदवारों के लिए 150 में से कम से कम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी था। वहीं हरियाणा के आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 82 अंक यानी 55 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए थे।
ऐसे चेक करें अपना क्वालिफाइंग स्टेटस
उम्मीदवार सबसे पहले HTET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद "View Result" या रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें। अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्मतिथि और परीक्षा स्तर (PRT, TGT या PGT) चुनें। जानकारी सबमिट करते ही स्क्रीन पर आपका स्टेटस दिखाई देगा। यदि आप सफल हुए हैं, तो स्क्रीन पर "Qualified for Biometric Verification" लिखा दिखाई देगा। वहीं, असफल उम्मीदवारों को "Not Qualified" का संदेश मिलेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राजस्थान बिजली विभाग में 2005 नौकरियां, शुरू हो गई आवेदन प्रक्रिया, जानें किन पदों पर कौन कर सकता है आवेदन
इस साल कितने उम्मीदवारों ने दी परीक्षा?
HTET 2026 का आयोजन 4 और 5 जुलाई 2026 को हरियाणा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर ऑफलाइन माध्यम से किया गया था। इस साल कुल 2,33,294 उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इनमें 1,66,137 महिला और 67,157 पुरुष अभ्यर्थी शामिल थे। पीजीटी परीक्षा में 73,091 उम्मीदवार शामिल हुए, टीजीटी परीक्षा में 1,19,141 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि पीआरटी परीक्षा में 41,062 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह
अगर आपका चयन बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए हुआ है, तो तय तारीख पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ समय से सत्यापन केंद्र पहुंचें। किसी भी तरह की लापरवाही आपकी आगे की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। साथ ही, आगे की सभी जानकारी के लिए केवल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
