US Elections: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव (Midterm Elections) में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार का असर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन पर नजर आने लगा है। पिछले 48 घंटों के भीतर व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स समेत चार वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने पद छोड़ दिए हैं।
मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी ने कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत गंवा दी। वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी ट्रंप प्रशासन के खिलाफ कई मामलों की जांच शुरू करने की योजना बना रही है।
व्हाइट हाउस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
व्हाइट हाउस में अब तक का सबसे बड़ा प्रशासनिक बदलाव तब देखने को मिला जब ट्रंप ने अपने करीबी सहयोगी स्टीफन मिलर को नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है। वह सूसी वाइल्स की जगह लेंगे, जिन्होंने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि ट्रंप प्रशासन में मौजूदा डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ और मेरे सबसे भरोसेमंद सलाहकारों में से एक स्टीफन मिलर 9 नवंबर, 2026 से चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी संभालेंगे।" उन्होंने सूसी वाइल्स के काम की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में शानदार काम किया है। अब वह ट्रंप के राजनीतिक संगठन में काम करेंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इजरायल में कौन बनेगा अगला प्रधानमंत्री? आइजेनकोट ने नेतन्याहू को पछाड़ा
न्याय विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने दिया इस्तीफा
व्हाइट हाउस के अलावा अमेरिकी न्याय विभाग (Department of Justice) में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। दो दिनों के भीतर विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। इनमें नागरिक अधिकार विभाग की सहायक अटॉर्नी जनरल हरमीत ढिल्लों, राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग के सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन आइजनबर्ग और फ्लोरिडा के दक्षिणी जिले के अमेरिकी अटॉर्नी जेसन रेडिंग क्विनोन्स शामिल हैं।
