Donald Trump Diwali Celebrations: हर बार की तरह इस बार भी व्हाइट हाउस में दीपावली पर्व मनाया गया है। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल हुए। ट्रंप ने विशाल गोंडल सहित भारतीय उद्यमियों के साथ दिवाली मनाई और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर भारतीय उद्यमियों ने ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की।
समारोह में शामिल हुए भारतीय मूल के लोग
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय ओवल ऑफिस में आयोजित दिवाली समारोह में भारतीय मूल के कई प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। इस खास आयोजन में भारतीय समुदाय की जानी-मानी हस्तियों ने रोशनी के पर्व को धूमधाम से मनाया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समारोह की जानकारी साझा करते हुए GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने बताया कि उन्होंने इस दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की।
'साझा उत्सव का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात'
गोंडल ने एक्स पर लिखा, "ओवल ऑफिस में रोशनी के इस साझा उत्सव का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना और उन्हें तुलसीदास की भगवान हनुमान को समर्पित स्तुति हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करना मेरे लिए गर्व का क्षण है। हममें से लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए इसका पाठ करते हैं।" समारोह की भावना को साझा करते हुए उद्यमी ने कहा कि इस दौरान भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रार्थना की गई।
जुग जुग जियो' का भी उल्लेख किया
उन्होंने लिखा, 'जब दीये जलाए गए, तो मेरी प्रार्थना भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती को मजबूत करने और अंधकार पर प्रकाश की जीत के लिए थी।' गोंडल ने इस मौके पर भारतीय परंपरा के पारंपरिक आशीर्वाद 'जुग जुग जियो' का भी उल्लेख किया। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए लिखा, 'जुग जुग जियो' एक ऐसा आशीर्वाद है, जिसे हममें से कई लोग बचपन से सुनते आए हैं। इसका अर्थ है- आप युगों-युगों तक जीवित रहें। मेरी हर कोशिश के पीछे यही भावना है। आज मैंने दुनिया के हर व्यक्ति के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। जुग जुग जियो।"
राजनीतिक अभियानों की जिम्मेदारी संभालेंगी सूसी वाइल्स
ट्रंप के दिवाली समारोह में भारतीय मूल की कई अन्य प्रमुख हस्तियां भी शामिल हुईं। इनमें विश्व प्रसिद्ध मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना और कनाडा की पूर्व सांसद रूबी ढल्ला शामिल थीं। यह सांस्कृतिक आयोजन ऐसे समय में हुआ है, जब व्हाइट हाउस में एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव होने जा रहा है। इससे पहले आज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि उनके करीबी सहयोगी और वर्तमान डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर सोमवार से व्हाइट हाउस के नए चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह सूसी वाइल्स की जगह लेंगे। सूसी वाइल्स अब प्रशासन के राजनीतिक अभियानों की जिम्मेदारी संभालेंगी।
