शहर

Ghaziabad: वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर जोरदार धमाका, खिड़कियां और AC उड़े, चपेट में आया फूड डिलीवरी ब्वॉय

Ghaziabad Blast News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर हुए जोरदार धमाके से खिड़कियां और एसी क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में एक फूड डिलीवरी ब्वॉय घायल हुआ है, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।

Image

वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर तेज धमाका

Ghaziabad Blast News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर देर रात अचानक हुए एक जोरदार धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पुलिस चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और AC पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त चौकी के अंदर कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, टले एक बड़े हादसे के बीच इस घटना में एक युवक के घायल होने की खबर है।

खाना डिलीवरी करने आया युवक हुआ घायल

इस खतरनाक धमाके की चपेट में आकर एक बाहरी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान 20 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के अर्थला का रहने वाला है और फूड डिलीवरी का काम करता है। धमाके के तुरंत बाद घायल विशाल को तुरंत इलाज के लिए दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी और तमाम सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर दौड़ पड़ीं। स्थिति की नजाकत को भांपते हुए गाजियाबाद की विशेष फॉरेंसिक टीम के साथ-साथ बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चौकी के अंदर यह विस्फोट किस वस्तु या कारण से हुआ। पुलिस का आधिकारिक तौर पर यही कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही इस रहस्यमयी धमाके की असल वजह का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर अपनी तफ्तीश आगे बढ़ा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article