एजुकेशन

DU Avasar 2026: 7 अक्टूबर को होगा प्लेसमेंट फेयर, छात्रों को नौकरी और इंटर्नशिप का मौका

दिल्ली यूनिवर्सिटी का सेंट्रल प्लेसमेंट सेल, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय के तहत 7 अक्टूबर 2026 को ‘अवसर 2026’ के दूसरे संस्करण का आयोजन करने जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन नॉर्थ कैंपस में जीसी नारंग मार्ग स्थित मल्टीपर्पज हॉल, गेट नंबर-2 पर किया जाएगा। यह सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।

Image

दिल्ली यूनिवर्सिटी में 7 अक्टूबर को होगा प्लेसमेंट फेयर

दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए करियर से जुड़ा एक खास कार्यक्रम होने जा रहा है। यूनिवर्सिटी का केंद्रीय प्लेसमेंट सेल 7 अक्टूबर 2026 को ‘अवसर 2026’ के दूसरे संस्करण का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम छात्रों को सीधे कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों से मिलने का मौका देगा, जहां वे नौकरी के साथ-साथ इंटर्नशिप से जुड़ी संभावनाओं के बारे में भी जानकारी ले सकेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन नॉर्थ कैंपस में जीसी नारंग मार्ग स्थित मल्टीपर्पज हॉल, गेट नंबर-2 पर किया जाएगा। यह सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।

4000 से ज्यादा छात्र पहले ही जुड़ चुके हैं

‘अवसर 2026’ को लेकर छात्रों के बीच काफी दिलचस्पी देखने को मिल रही है। अब तक 4,000 से ज्यादा छात्र इसके लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। कार्यक्रम में 85 से अधिक कंपनियों और संस्थानों के पहुंचने की उम्मीद है। इनमें अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े संगठन शामिल होंगे। टीच फॉर इंडिया, कोटक लाइफ, मुथूट फाइनेंस, कैम्ब्रिज स्कूल, पीपीजी फाउंडेशन, डियर सर ई-लर्निंग, इंटेलेक्सिया टेक और कई अन्य संस्थानों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

नौकरी के साथ इंटर्नशिप का भी विकल्प

इस फेयर में छात्रों को अपनी पढ़ाई और स्किल के हिसाब से अलग-अलग करियर विकल्प तलाशने का मौका मिलेगा। कुछ पदों के लिए सालाना वेतन पैकेज 10 लाख रुपये से ज्यादा बताया गया है। वहीं, इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को अधिकतम 60 हजार रुपये प्रति महीने तक स्टाइपेंड मिलने की जानकारी दी गई है।

हालांकि, वास्तविक वेतन और स्टाइपेंड कंपनी, पद और चयन प्रक्रिया के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं।

DU के छात्रों के लिए करियर शुरू करने का मौका

इस पहल का मकसद सिर्फ कंपनियों और छात्रों की मुलाकात कराना नहीं है, बल्कि छात्रों को पढ़ाई के बाद अपने करियर की दिशा तय करने में मदद करना भी है। नौकरी की तलाश कर रहे छात्र यहां कंपनियों की जरूरत, उपलब्ध पद और चयन प्रक्रिया को समझ सकते हैं। वहीं, जो छात्र पढ़ाई के साथ काम का अनुभव लेना चाहते हैं, उनके लिए इंटर्नशिप के विकल्प भी मौजूद रहेंगे।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article