DL COL Admission : दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (COL) ने आठ विदेशी भाषाओं में एक साल के सर्टिफिकेट और डिप्लोमा प्रोग्राम के लिए एडमिशन शुरू कर दिए हैं और घोषणा की है कि कई कोर्स के लिए एडमिशन 17 जून से शुरू होंगे। एक बयान के अनुसार, स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) के डिपार्टमेंट ऑफ डिस्टेंस एंड कंटिन्यूइंग एजुकेशन (DDCE) के तहत ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर (OLDC), DU के विभागों के सहयोग से ये भाषा प्रोग्राम चला रहा है।
इन भाषाओं में उपलब्ध कोर्स
ये कोर्स जर्मन, फ्रेंच, स्पैनिश, इटैलियन, पुर्तगाली, चीनी, जापानी और कोरियाई भाषाओं में उपलब्ध हैं। COL की डायरेक्टर पायल मागो ने कहा कि इस पहल से भाषा की शिक्षा तक पहुंच बढ़ेगी और सीखने वालों को ऐसी स्किल मिलेंगी जो उनके एकेडमिक और करियर के मौकों को बेहतर बना सकती हैं।
ऑनलाइन मोड में होगा शुरू
उन्होंने कहा कि संस्थान इन भाषा प्रोग्राम को ऑनलाइन मोड में भी शुरू करने की योजना बना रहा है।
OLDC, दिल्ली यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ स्लावोनिक एंड फिनो-उग्रियन स्टडीज के सहयोग से रूसी भाषा में एक साल के सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स भी शुरू करने जा रहा है।
ओपन लर्निंग एडमिशन पोर्टल
बयान में कहा गया है कि रूसी भाषा के प्रोग्राम क्लासरूम और ऑनलाइन, दोनों तरह से उपलब्ध होंगे। साथ ही, DDCE के मुख्य प्रोफेशनल प्रोग्राम के लिए एडमिशन भी 17 जून से शुरू होंगे। बयान के अनुसार, इनमें मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA), मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस (MLISc), बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस (BLISc) और एडवरटाइजिंग एंड डिजिटल मीडिया लीडरशिप में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (PGDADLM) शामिल हैं। यूनिवर्सिटी ने कहा कि उम्मीदवार ज्यादा जानकारी के लिए ओपन लर्निंग एडमिशन पोर्टल पर जा सकते हैं।
