एजुकेशन

NTA New Office: परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर, शिक्षा मंत्रालय की सचिव ने नए ऑफिस का किया निरीक्षण

उच्च शिक्षा विभाग की सचिव दीप्ति गौर मुखर्जी ने 3 अक्टूबर 2026 को NTA के नए कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की और कार्यालय में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Image

शिक्षा मंत्रालय की सचिव ने नए ऑफिस का किया निरीक्षण (image - x.com/NTA_Exams/)

आने वाली परीक्षाओं को देखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उच्च शिक्षा विभाग की सचिव दीप्ति गौर मुखर्जी ने 3 अक्टूबर 2026 को NTA के नए कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की और कार्यालय में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, दौरे का मुख्य उद्देश्य यह देखना था कि आने वाली परीक्षाओं को सुचारू तरीके से कराने के लिए कार्यालय की सुविधाएं और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह तैयार हैं या नहीं।

NTA का नया कार्यालय नई दिल्ली के मिंटो रोड स्थित गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर बनाया गया है। इससे पहले एजेंसी का कामकाज ओखला स्थित कार्यालय से संचालित होता था।

नए परिसर में शिफ्ट होने के बाद परीक्षा से जुड़े संवेदनशील कामों की सुरक्षा और सिक्योरिटी को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सरकार ने सार्वजनिक परीक्षाओं की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था को लेकर अलग से सुधारों पर भी काम शुरू किया है। अगस्त 2026 में गठित हाई-पावर्ड टास्क फोर्स को सार्वजनिक परीक्षाओं की प्रक्रिया, सुरक्षा और तकनीक से जुड़े सुधारों की समीक्षा का जिम्मा दिया गया है।

संवेदनशील कामों के लिए अलग से हैं कमरे

NTA के नए सेटअप में परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा को खास महत्व दिया जा रहा है। इसके लिए संवेदनशील कामों के लिए अलग कमरे, इंटरनेट से अलग यानी एयर-गैप्ड कंप्यूटर सिस्टम और कर्मचारियों के लिए डिवाइस जमा करने जैसी व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं।

नए कार्यालय की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को भी दी गई है। इसका मकसद परीक्षा से जुड़ी गोपनीय गतिविधियों तक अनधिकृत पहुंच को रोकना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

आने वाली परीक्षाओं पर रहेगी नजर

NTA देशभर में कई प्रमुख प्रवेश और पात्रता परीक्षाएं आयोजित करता है। ऐसे में नए कार्यालय की सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा को आगामी परीक्षा चक्र की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों का जोर परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित, सुरक्षित और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के साथ संचालित करने पर है।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article