CTET 2026 Postponed: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी CTET 2026 को लेकर अहम अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने CTET के 22वें संस्करण की परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही उन योग्य उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन का पोर्टल एक बार फिर खोल दिया गया है, जो पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। CBSE के नए नोटिस के मुताबिक, CTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू हो गई है और उम्मीदवार 1 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। यह मौका केवल उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने पहले आवेदन नहीं किया था।
CBSE ने बताया है कि CTET 2026 के लिए आवेदन की नई विंडो आज 25 अगस्त से 1 सितंबर तक खुली रहेगी। ऐसे उम्मीदवार जो परीक्षा देने के योग्य हैं, लेकिन पहले आवेदन विंडो में फॉर्म नहीं भर पाए थे, वे इस दौरान अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं। इससे पहले CTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 मई से 10 जून 2026 तक चली थी। अब बोर्ड ने योग्य उम्मीदवारों को एक और मौका दिया है।
वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही सफलतापूर्वक आवेदन जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। दोबारा आवेदन का मौका सिर्फ उन पात्र उम्मीदवारों के लिए है, जो पिछली आवेदन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ICSI CS June 2026 Professional Result जारी, इस डायरेक्ट लिंक से करें चेक
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लिया गया फैसला
CBSE ने आवेदन विंडो दोबारा खोलने के पीछे हालिया सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया है। बोर्ड के अनुसार, अदालत के फैसले में योग्य शिक्षकों को निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET की योग्यता पूरी करने के लिए उचित अवसर देने की बात कही गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए CBSE ने उन पात्र उम्मीदवारों के लिए आवेदन का रास्ता फिर खोलने का फैसला किया है, जो पहले आवेदन नहीं कर सके थे।
CTET 2026 की नई परीक्षा तारीख अभी घोषित नहीं
आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू होने के साथ परीक्षा की तारीख में भी बदलाव किया गया है। CTET 2026 अब पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित नहीं होगी। हालांकि, CBSE ने अभी नई परीक्षा तारीख का ऐलान नहीं किया है। बोर्ड के अनुसार, 1 सितंबर को आवेदन प्रक्रिया खत्म होने के बाद CTET के 22वें संस्करण की संशोधित परीक्षा तारीख घोषित की जाएगी।
CTET 2026 के उम्मीदवार इन बातों का रखें ध्यान
जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन नहीं किया था, उन्हें 1 सितंबर की अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए और समय रहते आवेदन पूरा कर लेना चाहिए। फॉर्म भरते समय व्यक्तिगत जानकारी और शैक्षणिक विवरण ध्यान से दर्ज करें। वहीं, पहले से आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें अब संशोधित परीक्षा तारीख, एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़े दूसरे अपडेट का इंतजार करना होगा।
बता दें कि CBSE अब तक CTET की 21 परीक्षाएं आयोजित कर चुका है। 21वें संस्करण का रिजल्ट 30 मार्च 2026 को घोषित किया गया था। CTET परीक्षा का आयोजन निर्धारित भर्ती नियमों के तहत शिक्षक पदों के लिए जरूरी पात्रता हासिल करने वाले उम्मीदवारों की योग्यता जांचने के लिए किया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सबसे पहले भारत के किस शहर में आई थी ईस्ट इंडिया कंपनी, क्या था उसके जहाज का नाम
