एजुकेशन

महाराष्ट्र में पेपर लीक करने वालों की खैर नहीं, 10 साल की जेल और 10 करोड़ जुर्माने की तैयारी

महाराष्ट्र में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल जैसे मामलों पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए 10 साल की जेल और 10 करोड़ रुपये जुर्माने का प्रस्ताव है।

Image

महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी की परीक्षा में धांधली पर सख्ती (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

Maharashtra Paper Leak News: महाराष्ट्र में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल जैसे मामलों पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है। फडणवीस सरकार पेपर लीक और परीक्षा में धांधली करने वालों के खिलाफ कड़े प्रावधान लागू करने पर विचार कर रही है। इसके लिए वरिष्ठ IAS अधिकारी वी. राधा की अध्यक्षता में गठित समिति ने कई अहम सिफारिशें की हैं। समिति का मानना है कि पेपर लीक केवल परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ी नहीं है, बल्कि इससे लाखों युवाओं की मेहनत और भविष्य प्रभावित होता है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

समिति ने दोषियों के लिए जेल की सजा से लेकर आर्थिक दंड तक के कड़े प्रावधान सुझाए हैं। प्रस्ताव लागू होने पर पेपर लीक करने, उसे बेचने, नकल कराने या किसी भी तरह से मदद करने वाले लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।

प्रस्तावित कार्रवाईसिफारिश
जेल की सजा7 से 10 साल तक कठोर कैद
आर्थिक जुर्मानाकम से कम 10 करोड़ रुपये
संपत्ति जब्तीपेपर लीक से अर्जित चल-अचल संपत्ति जब्त करने का प्रस्ताव
फास्ट ट्रैक कोर्टमामलों की जल्द सुनवाई के लिए विशेष अदालतें
विशेष कार्यबलजांच के लिए STF का गठन

युवाओं को राहत?

महाराष्ट्र में MPSC, पुलिस भर्ती, शिक्षक भर्ती, नगर परिषद और जिला परिषद जैसी सरकारी परीक्षाओं में हर साल बड़ी संख्या में युवा शामिल होते हैं। पेपर लीक होने पर मेहनत से तैयारी करने वाले उम्मीदवारों को नुकसान उठाना पड़ता है और कई बार पूरी भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है।

सरकार का मानना है कि सख्त सजा, संपत्ति जब्ती और तेजी से जांच जैसे कदमों से पेपर लीक करने वाले गिरोहों पर लगाम लगाई जा सकती है। इससे भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और उम्मीदवारों का भरोसा मजबूत करने में मदद मिलेगी।

हालांकि, ये सभी प्रावधान फिलहाल समिति की सिफारिशों और सरकार के विचार के स्तर पर हैं। इन्हें लागू करने के लिए सरकार की ओर से अंतिम फैसला और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होना बाकी है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UGC NET December 2026 का सब्जेक्ट वाइज शेड्यूल जारी

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article