एजुकेशन

CBSE का बड़ा एक्शन: सुरक्षा खतरे के बाद OnMark पोर्टल बाहर, अब अपनी वेबसाइट पर होगी री-चेकिंग

सीबीएसई कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) को लेकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते Coempt Edu Teck के OnMark प्लेटफॉर्म को री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया से हटा दिया है।

Image

सुरक्षा खतरे के बाद OnMark पोर्टल बाहर

सीबीएसई कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) को लेकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते Coempt Edu Teck के OnMark प्लेटफॉर्म को री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया से हटा दिया है। अब छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच पूरी तरह CBSE के अपने पोर्टल पर की जाएगी। यह प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। CBSE ने इस वर्ष करीब एक करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए OnMark डिजिटल सिस्टम का इस्तेमाल किया था। हालांकि परिणाम घोषित होने के बाद कई छात्रों ने मूल्यांकन में गड़बड़ियों और तकनीकी समस्याओं की शिकायतें उठाईं। इसके बाद मामले की जांच और तकनीकी समीक्षा शुरू हुई।

सूत्रों के अनुसार, बोर्ड ने पाया कि री-इवैल्यूएशन जैसी संवेदनशील प्रक्रिया को अपने नियंत्रण में रखना अधिक सुरक्षित होगा। इसी वजह से छात्र और परीक्षा संबंधी डेटा को CBSE के सीधे नियंत्रण वाले सर्वरों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। हालांकि पूरी तरह से सॉफ्टवेयर नहीं बदला गया है। OnMark के कोड को सुरक्षा सुधारों और परीक्षण के बाद CBSE के अपने इंफ्रास्ट्रक्चर पर चलाया जा रहा है।

इस पूरे मामले में CBSE की मदद के लिए IIT कानपुर और IIT मद्रास के विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीम तैनात की गई है। टीम में साइबर सुरक्षा, कंप्यूटर सिस्टम और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के निर्देश पर इन संस्थानों को तकनीकी सहायता के लिए जोड़ा गया था।

इस बीच CBSE ने अपने पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल पर हुए साइबर हमलों को लेकर दिल्ली पुलिस में औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है। बोर्ड के अनुसार पिछले कुछ दिनों में पोर्टल पर कई समन्वित साइबर हमले किए गए, जिनका मकसद सेवाओं को बाधित करना और अनधिकृत पहुंच हासिल करना था। हालांकि CBSE का कहना है कि सभी हमलों को समय रहते रोक दिया गया और किसी भी प्रकार का डेटा लीक या सिस्टम से समझौता नहीं हुआ।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article