Bits Pilani Launches 5 Year Be Mba Dual Degree: देश के प्रतिष्ठित संस्थान बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS Pilani) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रों को बड़ा अवसर देते हुए दो नए कोर्स लॉन्च किए हैं। BITS Pilani द्वारा शुरू किए गए ये नए कोर्स छात्रों के लिए बेहतर करियर विकल्प खोलने वाले साबित हो सकते हैं। खासकर उन छात्रों के लिए जो पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़कर तकनीक और मैनेजमेंट का संयोजन चाहते हैं, यह एक बड़ा अवसर है। इन कोर्स में 5 वर्षीय बीई-एमबीए ड्यूल डिग्री प्रोग्राम और बीई इन फार्मास्युटिकल इंजीनियरिंग शामिल हैं। BITS Pilani ने यह भी स्पष्ट किया है कि नए प्रोग्राम्स का उद्देश्य छात्रों को इंडस्ट्री-रेडी बनाना है, ताकि वे बदलते समय के साथ तकनीकी और प्रबंधन दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
बीई-एमबीए ड्यूल डिग्री प्रोग्राम
जानकारी के अनुसार, नया बीई-एमबीए ड्यूल डिग्री प्रोग्राम 5 साल का होगा, जिसमें छात्र इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट दोनों की पढ़ाई एक साथ कर सकेंगे। इस तरह का कोर्स उन छात्रों के लिए खास है जो टेक्निकल ज्ञान के साथ बिजनेस और मैनेजमेंट स्किल भी विकसित करना चाहते हैं। यह कदम तकनीकी और मैनेजमेंट शिक्षा को एक साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बीई इन फार्मास्युटिकल इंजीनियरिंग
इसके अलावा संस्थान ने बीई इन फार्मास्युटिकल इंजीनियरिंग कोर्स भी शुरू किया है। यह कोर्स फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में बढ़ती संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस क्षेत्र में भविष्य में रोजगार के बड़े अवसर देखने को मिल सकते हैं।
कैसे मिलेगा एडमिशन
इन दोनों कोर्स में एडमिशन के लिए छात्रों को BITSAT (BITS Admission Test) देना होगा। यह एक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है, जिसकी अवधि लगभग 3 घंटे होती है। बता दें कि यह संस्थान पहले से ही इंजीनियरिंग, साइंस और मैनेजमेंट शिक्षा में अग्रणी रहा है और अब यह नया कदम शिक्षा के आधुनिक स्वरूप को मजबूत करेगा।
