BSEB Bihar Board 10th 12th Result 2026 : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति बिहार बोर्ड ने कक्षा 10वीं (मैट्रिक) और 12वीं (इंटर) के परिणाम को लेकर बड़ी अपडेट दी है। बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि दोनों परीक्षाओं के रिजल्ट मार्च महीने के अंत तक जारी कर दिए जाएंगे। अध्यक्ष आनंद किशोर के अनुसार, सबसे पहले इंटरमीडिएट यानी 12वीं का परिणाम घोषित किया जाएगा, जिसके कुछ दिनों बाद मैट्रिक का रिजल्ट जारी किया जाएगा। इंटर का रिजल्ट 23 मार्च को दोपहर 1:30 बजे जारी किया जाएगा। इस बार भी बोर्ड पिछले वर्षों की तरह जल्दी परिणाम जारी करने की तैयारी में है, ताकि छात्रों को आगे की पढ़ाई में किसी प्रकार की देरी न हो। हर साल की तरह इस बार भी बोर्ड प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिजल्ट जारी करेगा, जहां टॉपर्स की लिस्ट, पासिंग मार्क्स और कुल कितने छात्र पास हुए, इन सभी बातों की जानकारी दी जाएगी।
इस साल 10वीं मैट्रिक की परीक्षाएं 17 से 25 फरवरी 2026 के बीच हुई थीं। वहीं 12वीं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 2 से 13 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। आंकड़ों की बात करें तो इस बार इंटर की परीक्षा में करीब 13.18 लाख छात्र शामिल हुए, जो राज्यभर के 1,762 परीक्षा केंद्रों पर बैठे थे। पिछले साल यह संख्या 12,92,313 थी, जिनमें 6,41,847 लड़कियां और 6,50,466 लड़के शामिल थे। वहीं 10वीं परीक्षा के लिए करीब 15.85 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
रिजल्ट जारी करने की पूरी तैयारी
बिहार बोर्ड चेयरमैन आनंद किशोर ने कहा कि बोर्ड हर साल टॉपर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करता है, ताकि रिजल्ट पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रहे। इस प्रक्रिया के तहत संभावित टॉपर्स का इंटरव्यू लिया जाता है और उनकी कॉपियों का मिलान भी किया जाता है। उन्होंने बताया कि रिजल्ट जारी करने की पूरी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है और अब अंतिम चरण की प्रक्रिया चल रही है। इसमें टॉपर वेरिफिकेशन और रिजल्ट फाइनलाइजेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
सबसे पहले घोषित करता है परिणाम
गौरतलब है कि बिहार बोर्ड देश के उन बोर्डों में शामिल है, जो सबसे पहले परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए जाना जाता है। लाखों छात्र इस बार भी मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शामिल हुए हैं और अब सभी को अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र biharboardonline.bihar.gov.in और results.biharboardonline.com पर अपना नतीजा देख सकेंगे। इसके लिए रोल कोड और रोल नंबर जैसे डिटेल की जरूरत पड़ेगी
