नीट पेपर लीक को लेकर देशभर के युवाओं का विरोध प्रदर्शन अभी थमा भी नहीं था कि एक और बड़ी भर्ती परीक्षा विवादों में आ गई। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की ओर से आयोजित वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को राजधानी भोपाल के एक परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ।
क्यों हुआ हंगामा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भोपाल के मित्तल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर तकनीकी कारणों से दूसरी पाली की परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। परीक्षा देने आए अभ्यर्थी घंटों इंतजार करते रहे कि शायद देर-सबेर समस्या का समाधान हो जाए, लेकिन परीक्षा स्थगित कर दी गई। जिसको लेकर नाराज अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
घंटों इंतजार के बाद स्थगित हुई परीक्षा
वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा 4 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है। इस बीच, रविवार को दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होनी थी, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते परीक्षा को स्थगित कर दिया गया।
अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन
नीट पेपर लीक को लेकर लगातार देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक की मांग उठ रही है। ऐसे में मध्य प्रदेश में भर्ती परीक्षा को लेकर हुए बवाल ने आग में घी डालने का काम किया है। इसको लेकर, अभ्यर्थी बेहद नाराज हैं। परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने केंद्र परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने परीक्षा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: यूपी पुलिस कांस्टेबल के 32679 पदों पर भर्ती परीक्षा कल से, 75 जिलों में होगा एग्जाम
कब होगी दोबारा परीक्षा
अभ्यर्थियों की नाराजगी के बीच मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा स्थगित कर दी। हालांकि, नई तारीख भी जारी की गई है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल के मुताबिक, 7 जून दिन रविवार को दूसरी पाली की प्रभावित हुई परीक्षा अब 20 जून, 2026 को आयोजित होगी। आपको बता दें कि यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में बैठने के लिए अभ्यर्थियों को नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा।
